बीमारियों से बचने के लिए मुख रखना होगा स्वस्थः डॉ. पूर्णिमा

बीमारियों से बचने के लिए मुख रखना होगा स्वस्थः डॉ. पूर्णिमा

रोहतक, गिरीश सैनी। तंबाकू व गुटखा का सेवन मुंह के कैंसर का सबसे बड़ा कारण है। यह बात स्वास्थ्य विभाग द्वारा सेक्टर 4 के आंगनबाड़ी केंद्र में आयोजित दंत चिकित्सा शिविर में डॉ. सौरभ नारंग ने कही। उन्होंने कहा कि अगर हमारा मुख स्वस्थ नहीं होगा, तो हमें विभिन्न बीमारियां घेर लेंगी। उन्होंने शिविर में उपस्थित बच्चों व महिलाओं को डेमोंसट्रेशन के माध्यम से ब्रश करने का तरीका बताया।

पॉलीक्लिनिक सेक्टर 3 रोहतक की दंत चिकित्सक डॉ. पूर्णिमा अरोड़ा ने कहा कि अपने मुख को स्वस्थ रखने के लिए प्रतिदिन सुबह-शाम ब्रश करना जरूरी है। उन्होंने टूथब्रश व टूथपेस्ट के चयन के बारे में भी विस्तार से जानकारी दी। शिविर में डेंटल कैरीज व पायोरिया जैसे दंत रोगों से बचाव के तरीके व उपचार के बारे में भी बताया गया। उन्होंने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को हर 6 महीने में एक बार अपने दांतों की जांच अवश्य करवानी चाहिए। बच्चों से कहा गया कि वे जंक फूड से परहेज रखें और पौष्टिक भोजन जैसे दूध, फल व सब्जियों का सेवन करें।

शिविर में बच्चों व महिलाओं के दांतों की स्क्रीनिंग की गई तथा रोगियों को उपचार के लिए पॉलीक्लिनिक में रेफर किया गया। कविता पाठ के माध्यम से बच्चों को अपने दांत स्वस्थ रखने की शिक्षा दी गई। शिविर में मौजूद सभी बच्चों व महिलाओं को टूथपेस्ट व ब्रश वितरित किए गए। आमजन को दातों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से पैदल रैली निकाली गई। रैली में स्लोगन के माध्यम से दांतों को स्वस्थ रखने का संदेश दिया गया।