रोहतक लोकसभा में निकाली गई तिरंगा यात्रा
लोगों ने शहीदों को किया नमन।

रोहतक, गिरीश सैनी। भाजपा के राष्ट्रीय सचिव ओम प्रकाश धनखड़ ने कहा कि तिरंगा यात्रा न सिर्फ सैनिकों के प्रति कृतज्ञता का प्रतीक है, बल्कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में नए भारत की एक झलक भी है। एक ऐसा भारत जो हर चुनौती का सामना करने को तैयार है और हर मोर्चे पर विजयी होकर उभर रहा है। धनखड़ वीरवार को रोहतक लोकसभा में ऑपरेशन सिंदूर की सफलता और भारतीय सैनिकों के शौर्य के सम्मान में निकाली गई तिरंगा यात्रा से पहले मीडिया से बात कर रहे थे। इस तिरंगा यात्रा में राज्यसभा सांसद रामचंद्र जांगड़ा, पूर्व मंत्री मनीष कुमार ग्रोवर, मेयर रामावतार वाल्मीकि, प्रदेश मीडिया सह-प्रभारी शमशेर सिंह खरक सहित भाजपा के वरिष्ठ पदाधिकारियों व सभी विधानसभा प्रत्याशियों, पूर्व सैनिकों के परिजनों, युवाओं और सामाजिक संगठनों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। तिरंगा यात्रा मेडिकल मोड़ से चलकर डी पार्क, बजरंग भवन, अशोका चौक और मानसरोवर पार्क होते हुए सुभाष चौक पर पहुंची। यात्रा का नेतृत्व कर रहे नेताओं ने नेताजी सुभाष चंद्र बोस की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर शहीदों को नमन किया।
इस दौरान “जय हिंद“, “भारत माता की जय“ और “प्रधानमंत्री मोदी जिंदाबाद“ जैसे नारों से पूरा मार्ग गूंज उठा।
राष्ट्रीय सचिव धनखड़ ने कहा कि भारतीय सेनाओं ने शानदार तरीके से पाकिस्तान में आतंकवाद के नौ ठिकानों को नष्ट किया और हमारी सेना ने सही निशाने पर चोट मारी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने साफ कहा है कि ऑप्रेशन सिंदूर स्थगित किया है, बंद नहीं किया। इस दौरान राज्यसभा सांसद रामचंद्र जांगड़ा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत सशक्त और मजबूत हुआ है। अब भारत आतंकवादी हमले की निंदा नहीं करता बल्कि दुश्मन के घर में घुसकर मारने की हिम्मत रखता है। वहीं, पूर्व मंत्री मनीष ग्रोवर ने कार्यकर्ताओं और आम नागरिकों के साथ सेना के पराक्रम और वीरता को समर्पित तिरंगा यात्रा में शामिल होने को सौभाग्य बताया। उन्होंने ऑपरेशन सिंदूर के तहत आतंकवादियों पर एयर स्ट्राइक करने वाले बहादुर जवानों को सैल्यूट किया।