तनाव-अकेलेपन से बचाव, बुजुर्गों को दिए मानसिक स्वास्थ्य टिप्स
रोहतक, गिरीश सैनी। पीजीआईएमएस, रोहतक के मनोरोग विभाग द्वारा सेक्टर-1 स्थित ताऊ देवी लाल पार्क में बुजुर्गों के मानसिक स्वास्थ्य को लेकर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। विशेषज्ञों ने वरिष्ठ नागरिकों से संवाद कर बढ़ती उम्र में होने वाली मानसिक परेशानियों पर चर्चा की।
मनोरोग विभाग के प्रोफेसर डॉ. हितेश खुराना, साइकियाट्रिक सोशल वर्कर सुधा, ऑक्यूपेशनल थेरेपिस्ट डॉ. गौतम तथा जूनियर रेजिडेंट डॉ. नवनीत व डॉ. साहिल शर्मा ने बुजुर्गों को मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूक किया। विशेषज्ञों ने कहा कि उम्र बढ़ने के साथ अकेलापन, नींद की कमी और तनाव जैसी समस्याएं सामने आ सकती हैं। सामाजिक रूप से सक्रिय रहना, नियमित दिनचर्या बनाए रखना और अपनी परेशानियां परिजनों व मित्रों से साझा करना मानसिक स्वास्थ्य के लिए लाभकारी है।
कार्यक्रम में वरिष्ठ नागरिकों ने अपनी दैनिक जीवन की समस्याएं और सवाल विशेषज्ञों के समक्ष रखे। डॉ. एस.पी. चुघ सहित अन्य वरिष्ठ नागरिकों ने पीजीआईएमएस की पहल की सराहना करते हुए ऐसे कार्यक्रम नियमित रूप से आयोजित करने की मांग की।

Girish Saini

