सुपवा में साझा किए आपदा से बचाव के गुर, मॉक ड्रिल से कराया अभ्यास

भूकंप, आग और हवाई हमले के दौरान घबराने की बजाय संयम से काम लेने का सुझाव

सुपवा में साझा किए आपदा से बचाव के गुर, मॉक ड्रिल से कराया अभ्यास

रोहतक, गिरीश सैनी। दादा लख्मी चंद राज्य प्रदर्शन एवं दृश्य कला विवि (डीएलसी सुपवा) में मंगलवार को आयोजित आपदा प्रबंधन जागरूकता सत्र में राष्ट्रपति अवार्डी एवं पूर्व डीएसओ लक्ष्मण सिंह ने लेक्चर, लाइव डेमो और मॉक ड्रिल के जरिए शिक्षकों, गैर-शिक्षक कर्मचारियों व विद्यार्थियों को आपात स्थिति में जान बचाने के तरीके बताए। उन्होंने कहा कि भूकंप, आग या युद्ध जैसी स्थिति में घबराने की बजाय संयम और सूझबूझ से काम लेना चाहिए।

उन्होंने भूकंप के दौरान मजबूत मेज के नीचे शरण लेने, सिर व गर्दन ढकने तथा लिफ्ट का इस्तेमाल न करने की सलाह दी। आग लगने पर सीढ़ियों से बाहर निकलने, धुएं में जमीन के करीब रहकर आगे बढ़ने और कपड़ों में आग लगने पर रुककर जमीन पर लुढ़कने का तरीका समझाया।

युद्ध या हवाई हमले के दौरान सुरक्षित आश्रय स्थल पर जाने और सरकारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की सलाह दी। मॉक ड्रिल में रस्सी के सहारे इमारत से उतरने, घायलों को सुरक्षित निकालने और फायर एक्सटिंग्विशर चलाने का अभ्यास भी कराया गया। सुखबीर सिंह व अक्षय ने भी प्रशिक्षण दिया। कुलसचिव डॉ. गुंजन मलिक मनोचा ने अतिथियों को स्मृति चिह्न भेंट किए। इस दौरान डीन अकादमिक डॉ अजय कौशिक, एफसी डॉ शैली खन्ना, महेश टीपी व विनय कुमार मौजूद रहे।