जीवन पर्यंत गरीब, मजदूर, कमेरे वर्ग की खुशहाली के लिए संघर्ष करते रहे रहबर-ए-आजमः शिक्षा मंत्री ढांडा
जाट शिक्षण संस्था को स्वैच्छिक कोष से 11 लाख रुपये की घोषणा।
रोहतक, गिरीश सैनी। हरियाणा के शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा ने कहा कि रहबर-ए-आजम सर चौ. छोटूराम ने अपनी कलम की ताकत से कर्ज में डूबे समाजों को आजाद करवाया। उन्होंने गरीब, मजदूर व कमेरे वर्ग की जिंदगी में खुशहाली लाने के लिए जीवन पर्यंत संघर्ष किया, इसीलिए उन्हें शोषित, पीड़ित और कमेरे वर्ग का मसीहा कहा गया है। चौ. छोटूराम किसी वर्ग विशेष के लिए नहीं बल्कि सभी वर्गों के कल्याण के लिए कार्य करने के लिए जाने जाते है। जाट शिक्षण संस्था बच्चों को बेहतर शिक्षा देकर उन्हें अनमोल हीरे बनाये।
शिक्षा मंत्री स्थानीय जाट शिक्षण संस्था के महाविद्यालय प्रांगण में आयोजित रहबर-ए-आजम दीनबंधु चौ. सर छोटूराम जी के 145वें जन्मोत्सव पर बतौर मुख्यातिथि उपस्थित जन को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने अपने स्वैच्छिक कोष से जाट शिक्षण संस्था को 11 लाख रुपये की धनराशि देने की घोषणा करते हुए कहा कि वे भविष्य में भी संस्था को आवश्यकता अनुसार मदद देंगे। इससे पूर्व शिक्षा मंत्री ने सर चौ. छोटूराम की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर नमन किया। उन्होंने संस्था के कैलेंडर का भी विमोचन किया।
शिक्षा मंत्री ने उपस्थित जन का आह्वान किया कि भारत को 2047 तक विकसित राष्ट्र बनाने के लिए हर नागरिक अपना योगदान दें। उन्होंने कहा कि जाट शिक्षण संस्था लंबे समय से शिक्षा के क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान दे रही है। उन्होंने संस्था के प्रतिनिधियों का आह्वान किया कि वे बच्चों को व्यावसायिक शिक्षा के साथ जोडक़र कौशल युक्त बनाये ताकि वे रोजगार तलाशने वाले न बनकर रोजगार देने वाले बने। संस्था की मांग पर उन्होंने कहा कि वे बीएससी नर्सिंग की मान्यता बारे अपनी प्रेजेंटेशन दें, जिसकी फिजिबलिटी चेक करवाकर जल्द आगामी कार्यवाही की जायेगी। उन्होंने संस्था में रिक्त पदों को भरने बारे भी शीघ्र कार्यवाही करने का आश्वासन दिया।
भाजपा के जिलाध्यक्ष रणबीर ढाका ने भी संस्था को दो लाख रुपये की धनराशि देने की घोषणा की। संस्था की ओर से प्रधान गुलाब सिंह दीमाना, उप प्रधान धर्मराज, छोटूराम जन्मोत्सव के अध्यक्ष डॉ. नवनीत ने मुख्यातिथि व अन्य अतिथियों का स्वागत किया। संस्था द्वारा मुख्यातिथि को गदा, पगड़ी, स्मृतिचिन्ह व शॉल भेंट कर सम्मानित किया गया। इस दौरान संस्था के महासचिव एडवोकेट नवदीप मोनू, डॉ. सतेंद्र खटकड़, युवा भाजपा नेता हिमांशु ग्रोवर, संस्था के पूर्व उप प्रधान राज सिंह नांदल के अलावा संस्था की गवर्निंग बॉडी के सदस्य, कॉलेजियम सदस्य, संस्था के स्कूलों व कॉलेजों के प्रिंसिपल, निदेशक, स्टाफ सदस्य व विद्यार्थी मौजूद रहे।
Girish Saini 

