नुक्कड़ नाटक और नृत्य से युवाओं ने दिया नशामुक्त समाज का संदेश

एमडीयू में जिला युवा महोत्सव का आगाज, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से किया जागरूक

नुक्कड़ नाटक और नृत्य से युवाओं ने दिया नशामुक्त समाज का संदेश

रोहतक, गिरीश सैनी। एमडीयू के टैगोर ऑडिटोरियम में बुधवार को जिला स्तरीय युवा महोत्सव-2026 का आगाज हुआ। हरियाणा युवा महोत्सव के तहत आयोजित इस कार्यक्रम के पहले दिन विद्यार्थियों ने नुक्कड़ नाटक, नृत्य और प्रेरणादायक गीतों के माध्यम से नशामुक्त समाज का संदेश दिया। प्रस्तुतियों में नशे के दुष्परिणामों को उजागर करते हुए युवाओं से स्वस्थ जीवनशैली अपनाने की अपील की गई।

महोत्सव का शुभारंभ मुख्य अतिथि एमडीयू के कुलपति प्रो. मिलाप पुनिया ने दीप प्रज्वलित कर किया। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के ओएसडी वीरेंद्र सिंह बड़खालसा और मेयर राम अवतार विशिष्ट अतिथि रहे। सायंकालीन सत्र में हरियाणा राज्य अनुसूचित जाति आयोग की उपाध्यक्ष रेनू डाबला मुख्य अतिथि रही।

सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के जरिए विद्यार्थियों ने बताया कि नशा व्यक्ति के स्वास्थ्य और भविष्य के साथ परिवार एवं समाज को भी प्रभावित करता है। उन्होंने युवाओं से स्वयं नशे से दूर रहने और दूसरों को भी जागरूक करने का आह्वान किया।

20 नवंबर को समूह लोक गायन, लोक नृत्य, चित्रकारी और वाद्य संगीत की प्रतियोगिताएं होंगी। इस दौरान नगराधीश शुभम, डीईओ मनजीत मलिक और प्राचार्य राजपाल सिंधु सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।