आगामी खरीद सीजन में मंडियों में बेहतर सुविधाएं मिलेंगी किसानों कोः डीसी सतबीर सिंह

उपायुक्त ने खरीद, उठान और भंडारण व्यवस्था दुरुस्त करने के दिए निर्देश, एग्रीस्टैक से होगा फसल उत्पादन का सत्यापन

आगामी खरीद सीजन में मंडियों में बेहतर सुविधाएं मिलेंगी किसानों कोः डीसी सतबीर सिंह

रोहतक, गिरीश सैनी। उपायुक्त सतबीर सिंह ने अधिकारियों को आगामी खरीद सीजन में किसानों के लिए बेहतर सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि फसल खरीद प्रक्रिया को पारदर्शी, सुचारू और किसान हितैषी बनाने के लिए सभी विभाग समयबद्ध तरीके से आवश्यक प्रबंध करें, ताकि किसानों को मंडियों में किसी प्रकार की परेशानी न हो।

उपायुक्त मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी की वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के बाद संबंधित अधिकारियों की बैठक को संबोधित कर रहे थे। मुख्य सचिव ने फसल खरीद की रणनीति और दीर्घकालिक योजना को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

डीसी सतबीर सिंह ने कहा कि एग्रीस्टैक प्रणाली के माध्यम से किसानों के वास्तविक खेती क्षेत्र और फसल उत्पादन का पारदर्शी सत्यापन किया जाए। मंडियों में खरीदी गई फसल की सुरक्षित स्टैकिंग, पर्याप्त जगह और समय पर उठान सुनिश्चित किया जाए। उठान से पहले आढ़तियों द्वारा फसल की उचित सफाई भी करवाई जाए।

उन्होंने गेहूं, सरसों और बाजरे के सुरक्षित भंडारण के लिए क्षमता बढ़ाने तथा उपलब्ध व्यवस्थाओं को मजबूत करने के निर्देश दिए। बैठक में कृषि उपनिदेशक डॉ. सुरेंद्र सिंह और जिला खाद्य एवं पूर्ति नियंत्रक मनीषा मेहरा सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।