सुपवा में नाटक -बियोंड द इमेजिनेशन का तीन दिवसीय मंचन 9 जून से

सुपवा में नाटक -बियोंड द इमेजिनेशन का तीन दिवसीय मंचन 9 जून से

रोहतक, गिरीश सैनी। दादा लख्मी चंद राज्य प्रदर्शन एवं दृश्य कला विवि (डीएलसी सुपवा), रोहतक में नाटक -बियोंड द इमेजिनेशन का तीन दिवसीय मंचन 9 जून से किया जाएगा। इस मंचन में थियेटर, नाटक व कला प्रेमियों के लिए प्रवेश निशुल्क रहेगा। विवि के अभिनय विभाग के छात्र इस तीन दिवसीय मंचन के दौरान इसके पांच बार शो प्रस्तुत करेंगे।

एफटीवी के फैकल्टी कॉर्डिनेटर महेश टीपी ने बताया कि -बियोंड द इमेजिनेशन जाने-माने लेखक, साहित्यकार महेश एलकुंचवार द्वारा लिखित प्रसिद्ध मराठी नाटक प्रतिबिंब पर आधारित है। अभिनय के चौथे सेमेस्टर के छात्र भारती, प्रिंस व पुष्कर इसके मुख्य किरदार निभाएंगे। इसके निर्देशक एनएसडी से स्नातक सुशील कांत रहेंगे, जबकि प्रॉडक्शन डिजाइन की जिम्मेदारी बिपिन गोबाले की रहेगी। एनएसडी की ही पूर्व छात्रा पाली फुकॉन कॉस्ट्यूम डिजाइन कर रही हैं। इसका हिंदी अनुवाद वसंत देव ने किया है, जबकि साउंड की जिम्मेदारी दीपा वर्मा संभालेंगी।

दर्शकों को थियेटर का अनुभव प्रदान कराने के लिए मिनी ऑडिटोरियम के मंच पर इस नाटक का सेट तैयार किया जा रहा है। बाहर से आए विशेषज्ञों की टीम छात्र कलाकारों को लगातार रिहर्सल करा रही है। नाटक की प्रस्तुति 9, 10 व 11 जून को शाम 6:30 बजे से होगी, जबकि 9 व 11 जून को दोपहर 3:30 बजे इसके दो अतिरिक्त शो भी किए जाएंगे।