तीन दिवसीय खेल-कूद समारोह शुरू, हरियाणा भर से 350 खिलाड़ी दिखाएंगे दम-खम
रोहतक, गिरीश सैनी। हिंदू शिक्षा समिति के तत्वाधान में स्थानीय रामनगर स्थित शिक्षा भारती विद्यालय में तीन दिवसीय 37वें प्रांतीय खेलकूद समारोह का शुभारंभ हुआ। इस समारोह में हरियाणा के 7 संकुलों के विभिन्न विद्यालयों से लगभग 350 खिलाड़ी भाग लेंगे।
समारोह का शुभारंभ सुंदर सिंह (सह-मंत्री, ग्रामीण शिक्षा विकास समिति) ने विद्यालय प्रबंध समिति के अध्यक्ष अनुराग जैन, प्रबंधक हरीश वधवा, निदेशक डॉ संजय सोनी, क्षेत्रीय खेल कूद संयोजक मलखान, प्रांतीय खेल संयोजक किशोर चौहान व प्राचार्या ममता भोला के साथ दीप प्रज्वलित कर किया।
ध्वजारोहण तथा खिलाड़ियों द्वारा खेलभाव से खेलने की शपथ लेने के बाद मुख्य वक्ता सुंदर सिंह ने कहा कि जीवन में हमेशा बड़ा लक्ष्य रखें, तभी सफलता हासिल होती है। एक खिलाड़ी के लिए स्पष्ट लक्ष्य, दृढ़ संकल्प, निरंतर परिश्रम और सकारात्मक सोच ही सफलता की वास्तविक कुंजी है।
प्राचार्या ममता भोला ने बताया कि इस तीन दिवसीय प्रतियोगिता के दौरान शिशु वर्ग, बाल वर्ग, किशोर वर्ग व तरुण वर्ग में बॉक्सिंग, बैडमिंटन, शतरंज, योग, कुश्ती, जूडो कराटे, ताइक्वांडो व वुशु आदि स्पर्धाओं में खिलाड़ी भाग लेंगे।
Girish Saini 


