भाजपा के संगठन में जातिवाद व क्षेत्रवाद का कोई स्थान नहीः विधायक मोहनलाल बडौली
रोहतक, गिरीश सैनी। देश के शहीदों के सम्मान में आयोजित किए जा रहा मेरी माटी-मेरा देश अभियान के तहत रविवार को जिला विकास भवन से राई के विधायक मोहन लाल बडौली, मेयर मनमोहन गोयल व जिला परिषद की अध्यक्ष मंजू हुड्डा ने बस को हरी झंडी दिखाकर दिल्ली के लिए रवाना किया। इस अभियान के तहत अमृत कलश यात्रा 31 अक्टूबर को दिल्ली में कर्तव्य-पथ पर संपन्न होगी और यहां पर जीवंत सांस्कृतिक प्रदर्शन के साथ सार्वजनिक कार्यक्रम होगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कलश यात्रियों व राष्ट्र को संबोधित करेंगे। कार्यक्रम में देश की स्वतंत्रता और इसे समृद्ध बनाने में अपने प्राण न्योछावर करने वाले वीर शहीदों को याद किया जाएगा।
विधायक मोहनलाल बडौली ने कहा कि अमृत कलश यात्रा के लिए देश के कोने-कोने से संग्रह की गई मिट्टी अब दिल्ली पहुंच रही है। जिसे एक विशाल कलश में रखा जाएगा और इसी पवित्र मिट्टी से दिल्ली में अमृत वाटिका का निर्माण होगा। विधायक ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में वीर-वीरांगनाओं को सम्मान देने के लिए मेरी माटी- मेरा देश अभियान की शुरुआत की गई थी।
उन्होंने कहा कि विपक्षी दलों के नेताओं को अनाप-शनाप बयानबाजी करने की बजाय शहीदों के सम्मान में सुझाव देने चाहिए। विपक्षी दलों द्वारा बनाए गए गठबंधन पर एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि यह मनों का नहीं बल्कि लालच का गठबंधन है। एक अन्य सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी विशुद्ध रूप से राष्ट्रवाद की राजनीति करती है और भाजपा के संगठन में जातिवाद व क्षेत्रवाद का कोई स्थान नहीं है। उन्होंने कहा कि हरियाणा देश का पहला ऐसा राज्य है, जहां पर परिवार पहचान पत्र को लागू करके गरीब परिवारों की पहचान की गई है और उनके जीवन स्तर को ऊंचा उठाने के लिए लगातार कार्य किया जा रहे हैं। भाजपा के नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष नायब सिंह सैनी की नियुक्ति का स्वागत करते हुए उन्होंने कहा कि वह पार्टी के समर्पित कार्यकर्ता है और संगठन में कार्य करने का उनका लंबा अनुभव रहा है। निश्चित रूप से उनके प्रदेश अध्यक्ष बनने से पार्टी को लाभ होगा।
जिला रोहतक से ब्लॉक रोहतक, महम, कलानौर, लाखनमाजरा व सांपला, तीन नगर पालिकाएं व एक नगर निगम का कलश भेजे गए हैं। इन कलश यात्रियों का नेतृत्व सीनियर डिप्टी मेयर राजकमल सहगल कर रहे हैं। सभी कलश यात्रियों को मालाएं पहनाकर उनका सम्मान किया गया। इस दौरान मेयर मनमोहन गोयल, सीनियर डिप्टी मेयर राजकमल सहगल, अतिरिक्त उपायुक्त महेश कुमार, भाजपा प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य अजय बंसल, पार्षद सुरेश किराड़, राधेश्याम ढल, सतीश आहुजा, ब्लॉक समिति चेयरमैन नवनीत सहित कार्यकर्ता मौजूद रहे।
Girish Saini 

