बलिदान की गाथा भूले नहीं युवा पीढ़ीः कुलपति प्रो पूनियाँ

एमडीयू में शहीदी दिवस पर राव तुलाराम समेत स्वतंत्रता सेनानियों को नमन

बलिदान की गाथा भूले नहीं युवा पीढ़ीः कुलपति प्रो पूनियाँ
Source: IANS

रोहतक, गिरीश सैनी। हरियाणा वीर एवं शहीदी दिवस पर बुधवार को महर्षि एमडीयू में वीर शहीदों और स्वतंत्रता सेनानियों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। कुलपति प्रो. मिलाप पूनियाँ के नेतृत्व में विवि समुदाय ने परिसर स्थित राज्य स्तरीय स्वतंत्रता सेनानी स्मारक पर पुष्पचक्र एवं पुष्प अर्पित कर वीरों को नमन किया।

कुलपति ने कहा कि 1857 की क्रांति से लेकर 15 अगस्त 1947 तक हरियाणा के असंख्य वीरों ने देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर किया। राव तुलाराम की पुण्यतिथि पर उन्हें याद करते हुए उन्होंने कहा कि राव तुलाराम, सर छोटूराम, पं. नेकी राम शर्मा, पं. श्रीराम शर्मा और लाला देशबंधु गुप्ता समेत अनेक स्वतंत्रता सेनानियों का संघर्ष और बलिदान आने वाली पीढ़ियों को प्रेरणा देता रहेगा।

प्रो. पूनियाँ ने कहा कि युवा पीढ़ी को प्रदेश के वीर स्वतंत्रता सेनानियों के संघर्ष, त्याग और राष्ट्रभक्ति की गाथाओं से जोड़ना जरूरी है। उन्होंने बताया कि एमडीयू में भविष्य में हरियाणा के वीर स्वतंत्रता सेनानियों की स्मृति में संगोष्ठी आयोजित की जाएगी।

कार्यक्रम में शहीदों की स्मृति में दो मिनट का मौन रखा गया। इस दौरान हरियाणा के वीर शहीद एवं स्वतंत्रता सेनानी अमर रहें के नारों से परिसर गूंज उठा।

इस दौरान कुलसचिव प्रो. संदीप बंसल, अधिष्ठाता शैक्षणिक प्रो. रणदीप सिंह राणा, अधिष्ठाता छात्र कल्याण प्रो. सपना गर्ग, डीन सीडीसी प्रो. राजेश पुनिया, एनएसएस कार्यक्रम समन्वयक प्रो. सविता राठी, उप समन्वयक एनएसएस डॉ. अंजू पंवार, डिप्टी चीफ वार्डन बॉयज प्रो. कर्मवीर श्योकंद, संगीत विभागाध्यक्ष प्रो. विमल, निदेशक जनसंपर्क सुनित मुखर्जी, सहायक निदेशक खेल डॉ. विपिन कुमार, पीआरओ पंकज नैन सहित विवि के अधिकारी, शिक्षक एवं कर्मचारी मौजूद रहे।