जिम्मेदारी, ईमानदारी और मानव सेवा का प्रतीक है व्हाइट कोटः कुलपति डॉ अग्रवाल
एमबीबीएस-2026 बैच की व्हाइट कोट सेरेमनी में छात्रों को दिलाई चिकित्सा शपथ
रोहतक, गिरीश सैनी। पं. भगवत दयाल शर्मा स्वास्थ्य विज्ञान विवि में शुक्रवार को नवप्रवेशित एमबीबीएस-2026 बैच के विद्यार्थियों के लिए व्हाइट कोट सेरेमनी आयोजित की गई। समारोह में कुलपति डॉ. एच.के. अग्रवाल ने विद्यार्थियों को व्हाइट कोट पहनाया और चिकित्सा शपथ दिलाई।
कुलपति ने कहा कि व्हाइट कोट महज वस्त्र नहीं, बल्कि जिम्मेदारी, ईमानदारी और मानव सेवा का प्रतीक है। उन्होंने विद्यार्थियों से पढ़ाई के साथ मानवीय संवेदनाओं, अनुशासन और करुणा को जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि चिकित्सा पेशे में ज्ञान के साथ मरीज की सेवा और विश्वास सबसे महत्वपूर्ण है।
कुलसचिव डॉ. रूप सिंह ने कहा कि एमबीबीएस में प्रवेश के बाद असली चुनौती शुरू होती है। अनुशासन, समय की पाबंदी और नैतिकता ही विद्यार्थियों को बेहतर चिकित्सक बनाएगी। उन्होंने रैगिंग मुक्त कैंपस के संकल्प को दोहराते हुए सीनियर-जूनियर विद्यार्थियों से परिवार की तरह रहने की अपील की।
निदेशक डॉ. एस.के. सिंघल ने कहा कि किताबों से परीक्षा पास की जा सकती है, लेकिन मरीजों के बीच ही डॉक्टर बनने की असली सीख मिलती है। समारोह का शुभारंभ दीप प्रज्वलन व सरस्वती वंदना से हुआ। एनाटॉमी विभागाध्यक्ष डॉ. विवेक मलिक ने आयोजन की रूपरेखा रखी, जबकि डीन एकेडमिक डॉ. एम.जी. वशिष्ठ ने आभार जताया।

Girish Saini

