कुलपति ने सत्र 2026-27 में यूजी पाठ्यक्रमों में दाखिले के लिए प्रॉस्पेक्टस जारी किया

यूजी के 21 पाठ्यक्रमों की 1580 सीटों पर दाखिले के लिए आवेदन 26 मई तक।

कुलपति ने सत्र 2026-27 में यूजी पाठ्यक्रमों में दाखिले के लिए प्रॉस्पेक्टस जारी किया

रोहतक, गिरीश सैनी। शैक्षणिक सत्र 2026-2027 में राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के तहत एमडीयू ने चार वर्षीय स्नातक पाठ्यक्रमों (यूजी ऑनर्स/यूजी ऑनर्स विद रिसर्च) तथा पंच वर्षीय समेकित पाठ्यक्रमों में दाखिले के लिए अधिसूचना जारी कर दी है।

कुलपति प्रो. मिलाप पूनियाँ ने कुलपति कार्यालय के कांफ्रेंस कक्ष में सत्र 2026-2027 में यूनिवर्सिटी टीचिंग डिपार्टमेंट्स तथा एमडीयू-सीपीएएस, गुरूग्राम में चार वर्षीय स्नातक पाठ्यक्रमों (यूजी ऑनर्स/यूजी आनर्स विद रिसर्च) तथा पंच वर्षीय समेकित पाठ्यक्रमों की प्रवेश विवरणिका (एडमिशन प्रॉस्पेक्टस) जारी की।

कुलपति ने कहा कि 12वीं कक्षा पास विद्यार्थी एमडीयू द्वारा स्नातक स्तर पर प्रारंभ किए गए 21 पाठ्यक्रमों में 1580 सीटों पर दाखिले के लिए 26 मई तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। प्रवेश परीक्षा 10 से 16 जून तक आयोजित किए जाएगी, जिसका परिणाम 22 जून को जारी होगा और पहली ओवरऑल मेरिट लिस्ट 24 जून को डिस्प्ले होगी और पहली एडमिशन काउंसलिंग 25 जून को आयोजित की जाएगी।

इंटरनेशनल स्टूडेंट्स एडमिशन के लिए 20 जून तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। ऑनलाइन मेरिट लिस्ट 25 जून को डिस्प्ले होगी और पात्र अभ्यर्थियों को दाखिले के लिए 3 जुलाई तक ऑनलाइन फीस जमा करानी होगी। विस्तृत जानकारी के लिए प्रॉस्पेक्टस एमडीयू वेबसाइट से डाउनलोड किया जा सकता है।

इस दौरान डीन एकेडमिक अफेयर्स प्रो. ए.एस. मान, कुलसचिव प्रो. संदीप बंसल, प्रॉक्टर प्रो. रणदीप राणा, परीक्षा नियंत्रक प्रो. राहुल ऋषि, डीन आर एंड डी प्रो. हरीश दुरेजा, डीन फैकल्टी ऑफ लाइफ साइंसेज प्रो. मीनाक्षी वशिष्ठ, निदेशक आईक्यूएसी प्रो. बी. नरसिम्हन, निदेशक यूसीसी प्रो. युद्धवीर सिंह, प्रो. अनिल ओहल्यान, प्रो. केके शर्मा, निदेशक जनसंपर्क सुनित मुखर्जी, शैक्षणिक शाखा की सहायक कुलसचिव तेजपाल, अधीक्षक कुलपति कार्यालय खैराती लाल, पीआरओ पंकज नैन मौजूद रहे।

एमडीयू में यूटीडी में चार वर्षीय पाठ्यक्रमों में बीसीए में 160, बीए-अंग्रेजी में 60, बैचलर ऑफ फाइन आर्ट्स-पेंटिंग में 30, बैचलर ऑफ होटल मैनेजमेंट एंड कैटरिंग टेक्नोलॉजी में 60, बैचलर ऑफ टूरिज्म एंड ट्रेवल मैनेजमेंट में 60, बीबीए में 120, बीबीए हॉस्पिटैलिटी एंड सर्विसेज मैनेजमेंट में 30, बीएससी-गणित में 60, बीएससी गणित एसएफएस में 60, बीएससी-सांख्यिकी में 60, बीए-इतिहास में 60, बीए-अर्थशास्त्र में 60, बीए-लोक प्रशासन में 60, बीपीएचएस में 30 और बीएससी-जेनेटिक्स में 30 सीटें उपलब्ध हैं। पंच वर्षीय पाठ्यक्रमों में एलएलबी आनर्स पंच वर्षीय में 120 तथा मास्टर ऑफ होटल मैनेजमेंट एंड कैटरिंग टेक्नोलॉजी में 60 सीटें उपलब्ध हैं। एमडीयू-सीपीएएस, गुरुग्राम में चार वर्षीय बीबीए पाठ्यक्रम में 60 सीटें तथा एलएलबी आनर्स पंचवर्षीय समेकित पाठ्यक्रम में 240 सीटें उपलब्ध हैं। बीकॉम बीएड में 50 तथा बीए बीएड में 50 सीटें उपलब्ध हैं।