तिरंगा हमारी आत्मा, देश की एकता और अखंडता की रक्षा हमारा संकल्पः कुलपति डॉ. एच.के. अग्रवाल
तिरंगे के रंग में रंगा यूएचएसआर, 500 से अधिक लोगों ने निकाली भव्य तिरंगा यात्रा।
रोहतक, गिरीश सैनी। पं. भगवत दयाल शर्मा स्वास्थ्य विज्ञान विवि, रोहतक में स्वतंत्रता दिवस से पूर्व वीरवार को देशभक्ति का अद्भुत नजारा देखने को मिला। सुश्रुत सभागार से मेडिकल मोड़ तक निकली भव्य तिरंगा यात्रा में 500 से अधिक छात्र-छात्राओं, डॉक्टरों, प्रोफेसरों और कर्मचारियों ने हाथों में राष्ट्रीय ध्वज लेकर भाग लिया। वंदे मातरम् और भारत माता की जय के नारों से पूरा विवि परिसर गूंज उठा।
कुलपति प्रो. डॉ. एच.के. अग्रवाल ने तिरंगा यात्रा का नेतृत्व करते हुए कहा कि तिरंगा हमारी आत्मा है और इसकी आन-बान-शान की रक्षा हमारा कर्तव्य है। उन्होंने विद्यार्थियों से शहीदों के बलिदान को याद रखने तथा देश की एकता और अखंडता को मजबूत बनाने का संकल्प लेने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि आज के युवा ही 2047 के विकसित भारत की नींव रखेंगे। इसलिए विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ राष्ट्र सेवा को भी जीवन का उद्देश्य बनाना चाहिए।
कुलसचिव डॉ. रूप सिंह ने कहा कि विभाजन की पीड़ा हमें एकता का महत्व समझाती है। पीजीआई में विभिन्न राज्यों और समुदायों से आए विद्यार्थी एक साथ शिक्षा ग्रहण कर देश सेवा का संकल्प लेते हैं, जो विविधता में एकता का सशक्त उदाहरण है।
डीन छात्र कल्याण डॉ. सविता सिंघल ने बताया कि यात्रा का उद्देश्य विद्यार्थियों में देशभक्ति और राष्ट्रीय एकता की भावना को मजबूत करना था। बीडीएस की छात्रा कोमल ने कहा कि तिरंगा हाथ में लेकर यात्रा में शामिल होना गर्व का अनुभव रहा और डॉक्टर बनने के बाद मरीजों के साथ देश की सेवा करने का भी संकल्प है। जनसंपर्क विभाग के इंचार्ज डॉ. मंजुनाथ बी.सी. ने जोशीले नारों से माहौल को देशभक्ति से भर दिया।
यात्रा के मार्ग में स्थानीय लोगों और दुकानदारों ने प्रतिभागियों का स्वागत किया। इस दौरान डीन डॉ. अशोक चौहान, चिकित्सा अधीक्षक डॉ. कुंदन मित्तल, डीन एकेडमिक अफेयर्स डॉ. एम.जी. वशिष्ठ सहित बड़ी संख्या में अधिकारी, चिकित्सक, संकाय सदस्य और कर्मचारी मौजूद रहे।
Girish Saini 

