पूर्व छात्र की मृत्यु पर वीसी सहित सुपवा परिवार ने मौन रखकर दी श्रद्धांजलि
रोहतक, गिरीश सैनी। दादा लख्मी चंद राज्य प्रदर्शन एवं दृश्य कला विवि (डीएलसी सुपवा) के पूर्व छात्र भविष्य शर्मा के निधन पर सोमवार को कुलपति डॉ. अमित आर्य व कुलसचिव डॉ. गुंजन मलिक मनोचा सहित सुपवा परिवार ने दो मिनट का मौन रखकर शोक प्रकट किया और दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।
विजुअल आर्ट्स फैकल्टी के एफसी विनय कुमार ने बताया कि एनिमेशन व मल्टीमीडिया के 2021 बैच के छात्र भविष्य शर्मा ने 22 जून को लखनऊ के अलीगंज इलाके में हुए भयानक अग्निकांड में जान गंवा दी थी। इस घटना में 15 लोगों को अपनी जान से हाथ धोना पड़ा था। मूल रूप से सोनीपत के महीपुर गांव के निवासी भविष्य शर्मा ने साल 2025 में एनिमेशन व मल्टीमीडिया में ग्रेजुएशन पूरी करने के बाद सुपवा से पास आउट किया था। पिछले दिनों 6 जून को ही वे अपने गांव से लखनऊ के लिए रवाना हुए थे। वे अपने माता-पिता की इकलौती संतान थे। उनके पिता नरेंद्र शर्मा एक निजी स्कूल में शिक्षक हैं, जबकि उसकी मां सिलाई का काम करती है। परिजनों के अनुसार 22 जून को अग्निकांड में भविष्य की जान गई, उस दिन उन्हें लखनऊ स्थित उक्त सेंटर में नौकरी करते हुए सिर्फ 8 दिन ही हुए थे।
कुलपति डॉ अमित आर्य ने इस घटना पर गहरा शोक जताते हुए कहा कि अग्निकांड में विवि के पूर्व छात्र भविष्य की मौत के बाद उनके परिजनों का दुख कभी भी नहीं भर सकता। उन्होंने समस्त सुपवा परिवार की ओर से दिवंगत छात्र के माता-पिता को ये असीम दुख सहने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की। इस दौरान कुलसचिव डॉ गुंजन मलिक मनोचा, डीन एकेडमिक अफेयर्स डॉ अजय कौशिक सहित विभिन्न फैकल्टी से टीचिंग व नॉन टीचिंग सदस्य भी मौजूद रहे।
Girish Saini 


