डीएलसीसुपवा में विश्व के सबसे बड़े इंटरनेशनल थियेटर फेस्टिवल के लिए सजा मंच

आज से चार दिन तक बिखरेंगे कला व संस्कृति के रंग। 

डीएलसीसुपवा में विश्व के सबसे बड़े इंटरनेशनल थियेटर फेस्टिवल के लिए सजा मंच

रोहतक, गिरीश सैनी। दादा लख्मी चंद राज्य प्रदर्शन एवं दृश्य कला विवि (डीएलसी सुपवा) में सोमवार से कला एवं संस्कृति को समर्पित चार दिवसीय महोत्सव का आगाज़ होगा। विवि में विश्व के सबसे बड़े इंटरनेशनल थियेटर फेस्टिवल भारंगम के साथ-साथ विवि के खुद के महोत्सव सारंग को भव्य तरीके से आयोजित करने के लिए तैयारियां पूरी की जा चुकी हैं। विवि प्रांगण में सजे मंच पर सोमवार सुबह 11 बजे से सांस्कृतिक प्रस्तुति शुरू कर दी जाएंगी। रविवार से ही अतिथियों के विवि परिसर पहुंचने का सिलसिला भी शुरू हो गया। 

कुलपति डॉ अमित आर्य ने बताया कि आयोजन की सभी तैयारियों पूरी कर ली गई है, जिसमें परिसर की साज-सज्जा, मंच, लाइट व साउंड व्यवस्था, अतिथियों के स्वागत, सुरक्षा, पार्किंग व अन्य तरह की सभी तैयारियां कर ली गई हैं। आयोजन को सफल बनाने के लिए विभिन्न कमेटियां बनाई गई हैं। 

कुलपति डॉ अमित आर्य ने बताया कि सोमवार सुबह  11 बजे उद्घाटन समारोह के बाद देर शाम आठ बजे तक सांस्कृतिक गतिविधियां होंगी। सुबह 11 से शाम 5 बजे तक सारंग महोत्सव के तहत गतिविधियां आयोजित होंगी और शाम को 6 से 8 बजे तक भारंगम के तहत नाटक का मंचन होगा। 9 फरवरी से 12 फरवरी तक रोजाना यह सिलसिला जारी रहेगा।

डॉ अमित आर्य ने बताया कि महोत्सव के दौरान चार दिनों में 30 से अधिक रंग कर्मियों को सम्मानित किया जाएगा, जो प्रदेश के अलग-अलग जिलों में थियेटर संबंधित गतिविधियों कर रहे हैं और प्रदेश में रंगमंच को जिंदा रखने के प्रयास में लगे हुए हैं।