एमडीयू में आज से तीन दिन सजेगा ‘यूनीफेस्ट-2026’ का मंच, 45 प्रतियोगिताओं में हुनर दिखाएंगे युवा
शिक्षा मंत्री ढांडा करेंगे शुभारंभ, करीब एक हजार प्रतिभागी लेंगे हिस्सा
रोहतक, गिरीश सैनी। एमडीयू में 27 से 29 नवंबर तक 45वें इंटर-जोनल यूथ फेस्टिवल ‘यूनीफेस्ट-2026’ का आयोजन किया जाएगा। तीन दिवसीय महोत्सव का उद्घाटन शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा करेंगे, जबकि कुलपति प्रो. मिलाप पूनियाँ समारोह की अध्यक्षता करेंगे। उद्घाटन समारोह सुबह 10.00 बजे टैगोर सभागार में होगा।
अधिष्ठाता छात्र कल्याण प्रो. सपना गर्ग ने बताया कि महोत्सव में संगीत, नृत्य, नाट्य, साहित्यिक एवं दृश्य कला की पांच श्रेणियों में 45 प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी, जिनमें प्रदेशभर से करीब एक हजार प्रतिभागी अपनी प्रतिभा दिखाएंगे। प्रतियोगिताओं के संचालन के लिए विवि ने 15 समितियों का गठन किया है।
निदेशक जनसंपर्क सुनित मुख़र्जी ने बताया कि महोत्सव के दौरान टैगोर सभागार, राधाकृष्णन सभागार, स्वराज सदन और एफडीसी में छह मंचों पर गतिविधियां होंगी। पहले दिन समूह नृत्य, कोरियोग्राफी, स्किट, माइम, शास्त्रीय नृत्य, लोकगीत, गायन-वादन, काव्य पाठ और चित्रकला प्रतियोगिताएं होंगी। दूसरे दिन समूह गान, एकल नृत्य, हरियाणवी आर्केस्ट्रा, गजल, मिमिक्री, वाद-विवाद, क्विज और मेहंदी सहित विभिन्न स्पर्धाएं होंगी। अंतिम दिन हरियाणवी समूह गान, कव्वाली, लोकनृत्य, भाषण, कार्टूनिंग और रंगोली प्रतियोगिताएं आकर्षण रहेंगी। महोत्सव विद्यार्थियों को सांस्कृतिक प्रतिभा और रचनात्मकता प्रदर्शित करने का मंच देगा।

Girish Saini

