गुणवत्तापूर्ण शोध पर एमडीयू का जोर, पेटेंट और शोध प्रकाशनों को मिलेगा प्रोत्साहन

गुणवत्तापूर्ण शोध पर एमडीयू का जोर, पेटेंट और शोध प्रकाशनों को मिलेगा प्रोत्साहन

रोहतक, गिरीश सैनी। एमडीयू में गुणवत्तापूर्ण शोध को बढ़ावा देने और शोधार्थियों को प्रोत्साहित करने के लिए शोध प्रोत्साहन नीति एवं वित्तीय सहायता के प्रावधानों पर मंथन किया गया। एक विशेष बैठक में शोध उत्कृष्टता पुरस्कार, पीएचडी शोध प्रबंधों और शोध सुविधाओं को मजबूत बनाने से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर चर्चा हुई।

जूलॉजी विभागाध्यक्षा प्रो. मिनाक्षी शर्मा के कार्यालय में आयोजित बैठक में डीन आर एंड डी प्रो. हरीश दुरेजा और अतिरिक्त डीन प्रो. के.के. शर्मा ने शिक्षकों के साथ विचार-विमर्श किया। बैठक में स्पष्ट किया गया कि शोध उत्कृष्टता पुरस्कार के लिए केवल मौलिक शोध पत्रों और आलेखों पर विचार होगा। सर्वश्रेष्ठ पीएचडी शोध प्रबंध पुरस्कार में शोध पत्र प्रकाशित करने वाली पत्रिका का नवीनतम प्रभाव कारक आधार बनेगा।

शिक्षकों को स्कोपस में सूचीबद्ध प्रतिष्ठित शोध पत्रिकाओं में प्रकाशन के लिए प्रोत्साहित करने तथा पेटेंट को शोध उपलब्धियों के अलग घटक के रूप में शामिल करने पर भी चर्चा हुई। नीति में सुधार के लिए शिक्षकों से विभागीय परिषद के माध्यम से सुझाव मांगे गए। बैठक में पीएचडी पंजीकरण प्रक्रिया और शोध गुणवत्ता बढ़ाने पर भी विचार हुआ। इस दौरान प्रो. अनीता सहरावत, प्रो. मिनाक्षी नांदल सहित विभिन्न विभागों के शिक्षक मौजूद रहे।