संविधान दिवस पर चौ. रणबीर सिंह को नमन, दीपेन्द्र हुड्डा ने सरकार को घेरा
खेड़ी साध में प्रभारी संजय दत्त, प्रदेशाध्यक्ष राव नरेंद्र सहित कांग्रेस नेताओं ने अर्पित की श्रद्धांजलि; बोले- संविधान के मूल्यों पर आंच नहीं आने देंगे
रोहतक, गिरीश सैनी। हरियाणा कांग्रेस प्रभारी संजय दत्त, प्रदेश अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह और सांसद दीपेन्द्र हुड्डा ने स्वतंत्रता सेनानी एवं संविधान सभा के सदस्य स्व. चौ. रणबीर सिंह हुड्डा की जयंती पर गांव खेड़ी साध स्थित उनके समाधि स्थल पर पहुंचकर श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर प्रार्थना सभा भी आयोजित की गई।
प्रभारी संजय दत्त ने कहा कि चौ. रणबीर सिंह का जीवन स्वतंत्रता संग्राम, राष्ट्र निर्माण और जनसेवा को समर्पित रहा। उन्होंने संविधान निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान दिया और 1948 में ही किसानों के लिए एमएसपी की मांग उठाई थी। न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुत्व के संवैधानिक आदर्शों के प्रति उनकी प्रतिबद्धता आने वाली पीढ़ियों को प्रेरित करती रहेगी। प्रदेशाध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने संविधान दिवस पर संविधान के मूल्यों और आदर्शों की रक्षा का संकल्प लेने का आह्वान किया।
सांसद दीपेन्द्र हुड्डा ने कहा कि आज संविधान पर आक्रमण हो रहा है, लेकिन कांग्रेस संविधान निर्माताओं के आदर्शों पर आंच नहीं आने देगी। उन्होंने हरियाणा की कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि प्रदेश में फिरौती, गोली और गैंगस्टर राज हावी है। रोहतक में पुलिस चौकी के सामने गोलीबारी की घटनाएं आम नागरिकों में भय पैदा कर रही हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के पास प्रदेश के लिए समय नहीं है और आम नागरिक सहमा हुआ है, जबकि अपराधी बेखौफ घूम रहे हैं।

Girish Saini

