सुपवा में संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक वाचन, नागरिक कर्तव्यों के पालन का लिया संकल्प

सीजेएम डॉ. तरन्नुम खान ने मौलिक अधिकारों, कर्तव्यों और लोकतांत्रिक मूल्यों की दी जानकारी

सुपवा में संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक वाचन, नागरिक कर्तव्यों के पालन का लिया संकल्प

रोहतक, गिरीश सैनी। दादा लख्मी चंद स्टेट राज्य प्रदर्शन एवं दृश्य कला विवि (डीएलसी सुपवा) में वीरवार को जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सहयोग से संविधान दिवस मनाया गया। इस अवसर पर संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक वाचन कर न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुता के मूल्यों को आत्मसात करने तथा इनके संरक्षण का संकल्प लिया गया।

कार्यक्रम में प्राधिकरण की सचिव एवं सीजेएम डॉ. तरन्नुम खान ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। कुलसचिव डॉ. गुंजन मलिक मनोचा ने उनका स्वागत किया।

एडवोकेट दिव्या ने संविधान दिवस के ऐतिहासिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए बताया कि 26 नवंबर 1949 को संविधान सभा ने भारतीय संविधान को अंगीकृत किया था, जबकि यह 26 जनवरी 1950 को लागू हुआ।

सीजेएम डॉ. तरन्नुम खान ने मौलिक अधिकारों, कर्तव्यों और लोकतांत्रिक मूल्यों की जानकारी देते हुए कहा कि संविधान देश की एकता, अखंडता और लोकतांत्रिक व्यवस्था का आधार है। प्रत्येक नागरिक का दायित्व है कि वह संवैधानिक आदर्शों का सम्मान करे और उनका पालन करे। उन्होंने सामाजिक सद्भाव, आपसी भाईचारे और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी का आह्वान किया।

अंत में डीन छात्र कल्याण विनय कुमार ने अतिथियों का आभार जताया। इस दौरान शिक्षक व गैर शिक्षण स्टाफ मौजूद रहा।