सेवा संकल्प में पौधारोपण से अनाथालय तक पहुंचा सेवा भाव
रोहतक, गिरीश सैनी। लाल नाथ हिंदू कॉलेज में सेवा संकल्प अभियान के तहत विद्यार्थियों ने पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक सेवा का संदेश दिया। अभियान के दूसरे दिन एनएसएस सेल एवं ब्यूटीफिकेशन कमेटी ने कॉलेज परिसर में पौधारोपण किया। प्राचार्य डॉ. अनिल कुमार तनेजा की अध्यक्षता में आम, अमरूद, आंवला सहित फलदार पौधे लगाए गए। उन्होंने कहा कि पौधारोपण के साथ उनकी देखभाल भी सामूहिक जिम्मेदारी है।
वहीं, अभियान के तीसरे दिन सेवा मेरा योगदान कार्यक्रम के तहत विद्यार्थियों ने लखी राम अनाथाश्रम का भ्रमण किया। इसका उद्देश्य स्वयंसेवकों को अनाथ बच्चों के जीवन और उनकी चुनौतियों से परिचित कराना था। प्राचार्य ने कहा कि सेवा केवल सहायता नहीं, बल्कि समाज के प्रति जिम्मेदारी और मानवीय संवेदनाओं की अभिव्यक्ति है। कार्यक्रम में एनएसएस स्वयंसेवकों, शिक्षकों और विद्यार्थियों ने भाग लिया।

Girish Saini 

