सत्ता पक्ष द्वारा विपक्ष के खिलाफ प्रदर्शन करना उल्टा चोर कोतवाल को डांटे जैसाः पूर्व सीएम हुड्डा
कहा, हरियाणा में अपराध बढ़े, केंद्रीय गृहमंत्री को दौरे में कानून-व्यवस्था पर जवाब देना चाहिए था
रोहतक, गिरीश सैनी। पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के हरियाणा दौरे पर कानून-व्यवस्था का मुद्दा उठाते हुए कहा कि केंद्र सरकार के सामाजिक प्रगति सूचकांक में हरियाणा देश का सबसे असुरक्षित राज्य बताया गया है। एनसीआरबी के आंकड़ों में भी प्रदेश दुष्कर्म, हत्या, अपहरण, फिरौती और फायरिंग के मामलों में शीर्ष राज्यों में शामिल है। उन्होंने कहा कि गृहमंत्री को इन मुद्दों पर जवाब देना चाहिए था।
स्थानीय डी-पार्क स्थित निवास मातूराम भवन में पत्रकारों से बातचीत करते हुए हुड्डा ने तमाम प्रदेशवासियों और पत्रकारों को दीवाली की शुभकामनाएं भी दी।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में करीब 80 अपराधी गिरोह सक्रिय हैं। वित्तीय स्थिति, कर्ज और सतत विकास लक्ष्यों के मामले में भी हरियाणा की स्थिति पिछड़ी है। उन्होंने सत्ता पक्ष द्वारा विपक्ष के खिलाफ प्रदर्शन करने को उल्टा चोर कोतवाल को डांटे की संज्ञा दी।
हुड्डा ने आरोप लगाया कि भाजपा के 12 साल के शासन में हरियाणा में कोई बड़ा शैक्षणिक संस्थान या परियोजना स्थापित नहीं हुई, जबकि कांग्रेस सरकार ने विभिन्न जिलों में विश्वविद्यालयों, मेडिकल कॉलेजों और राष्ट्रीय संस्थानों की स्थापना कराई।
अग्निवीर योजना पर उन्होंने कहा कि इससे हरियाणा के युवाओं को सबसे ज्यादा नुकसान हुआ है। पहले प्रदेश से सालाना करीब 5,500 युवा सेना में भर्ती होते थे, जबकि अब यह संख्या घटकर 950 रह गई है। उन्होंने अग्निवीरों को बिना शर्त नियमित सैनिक बनाने और उन्हें पूरा सेवा कार्यकाल, वेतन-भत्ते व पेंशन देने की मांग की।

Girish Saini

