एचआईआरडी निदेशक डॉ वीरेंद्र चौहान ने धनतेरस पर स्वास्थ्य, स्वच्छता और सकारात्मकता का संकल्प लेने का आह्वान किया

भगवान धन्वंतरि की पूजा-अर्चना के बाद धन्वंतरि मंत्र का सामूहिक पाठ

एचआईआरडी निदेशक डॉ वीरेंद्र चौहान ने धनतेरस पर स्वास्थ्य, स्वच्छता और सकारात्मकता का संकल्प लेने का आह्वान किया

नीलोखेड़ी, गिरीश सैनी। धनतेरस केवल धन-वैभव की कामना का पर्व नहीं, बल्कि आरोग्य, स्वच्छता और सकारात्मक जीवनशैली अपनाने का संकल्प लेने का अवसर भी है। हरियाणा ग्रामीण विकास संस्थान के निदेशक डॉ. वीरेंद्र सिंह चौहान ने संस्थान के सभा कक्ष में आयोजित धनतेरस कार्यक्रम में अधिकारियों एवं कर्मचारियों को संबोधित करते हुए यह बात कही।

उन्होंने कहा कि भगवान धन्वंतरि आरोग्य और आयुर्वेद के देवता हैं। स्वास्थ्य जीवन की सबसे बड़ी पूंजी है, इसलिए प्रत्येक व्यक्ति को संतुलित आहार, नियमित व्यायाम, स्वच्छता और सकारात्मक चिंतन को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाना चाहिए।

कार्यक्रम में भगवान धन्वंतरि की पूजा-अर्चना के बाद सामूहिक रूप से धन्वंतरि मंत्र का पाठ किया गया। डॉ. चौहान ने कहा कि धनतेरस का संदेश केवल आर्थिक समृद्धि तक सीमित नहीं है। स्वस्थ शरीर, निर्मल मन, स्वच्छ परिवेश, श्रेष्ठ विचार और सामाजिक सद्भाव ही वास्तविक समृद्धि के आधार हैं। उन्होंने आह्वान किया कि प्रत्येक व्यक्ति अपने घर-आंगन, तन और मन को स्वच्छ एवं स्वस्थ बनाने के साथ संस्थान के कार्य परिवेश को भी सकारात्मक बनाने में योगदान दे।

इस मौके पर सहायक आचार्य संदीप भारद्वाज, सुशील मेहता, सरपंच विक्रम सिंह, ईश्वर सिंह, रजनीश कुमार, महेंद्र सिंह और बलवान सिंह सहित संस्थान के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।