कैंसर मरीजों के लिए रोटरी क्लब ऑफ रोहतक नेक्स्ट ने पीजीआईएमएस को 5 एसी भेंट किए
रोहतक, गिरीश सैनी। कैंसर मरीजों को राहत देने के उद्देश्य से रोटरी क्लब ऑफ रोहतक नेक्स्ट ने पीजीआईएमएस, रोहतक के ऑंको सर्जरी विभाग को 5 विंडो एसी भेंट किए हैं। क्लब के अध्यक्ष रोटेरियन अतुल बंसल ने कहा कि इससे सर्जरी के बाद मरीजों की बेहतर हीलिंग होगी और संक्रमण का खतरा भी कम होगा। उन्होंने पीजीआईएमएस, रोहतक के निदेशक डॉ. एस.के. सिंघल को एक पत्र सौंपकर 2 टन के 2 और 1.5 टन के 3 एसी भेंट करने की पेशकश की।
ऑन्को सर्जरी विभागाध्यक्ष डॉ. संजीव प्रसाद ने बताया कि विभाग में हरियाणा के साथ-साथ दूसरे राज्यों से भी हर माह लगभग 750 मरीज ओपीडी में आते हैं। यहां ब्रेस्ट कैंसर, ओरल कैंसर, लंग कैंसर, एसोफेगस, ओवेरियन और सर्वाइकल कैंसर के मरीजों की सर्जरी सबसे ज्यादा होती है। उन्होंने कहा कि हाई डिपेंडेंसी और पोस्ट ऑपरेटिव एरिया में एसी लगने से मरीजों को अनुकूल तापमान मिलेगा। इससे गर्मियों में नमी के कारण होने वाले पोस्ट ऑपरेटिव संक्रमण कम होंगे और मरीजों के जल्दी ठीक होने की संभावना बढ़ेगी।
कुलपति डॉ. एच.के. अग्रवाल ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि रोटरी क्लब ऑफ रोहतक नेक्स्ट जैसी सामाजिक संस्थाओं के सहयोग से मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध करवाई जा सकती हैं। पीजीआईएमएस निदेशक डॉ. एस.के. सिंघल ने भी क्लब के प्रयासों की सराहना की।
Girish Saini 

