भारत-फिलिस्तीन मित्रता की जड़ें इतिहास में गहरीः राजदूत अब्दुल्ला अबू शावेश
जीजेयू के युवा महोत्सव ‘प्रबोधिनी’ में विद्यार्थियों से किया संवाद, शिक्षा को बदलाव का माध्यम बनाने का दिया संदेश
हिसार, गिरीश सैनी। फिलिस्तीन के राजदूत महामहिम अब्दुल्ला मोहम्मद अबू शावेश ने कहा कि भारत और फिलिस्तीन की मित्रता केवल कूटनीतिक संबंधों तक सीमित नहीं है, बल्कि इसकी जड़ें साझा इतिहास में गहराई तक जुड़ी हैं। वे गुरु जम्भेश्वर विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विवि के युवा महोत्सव ‘प्रबोधिनी’ के समापन दिवस पर बतौर विशिष्ट अतिथि पहुंचे और विद्यार्थियों से संवाद किया।
राजदूत ने कहा कि यरुशलम की भारतीय धर्मशाला से लेकर गाजा और हाइफा में भारतीय सैनिकों की कब्रें दोनों देशों के ऐतिहासिक संबंधों की साक्षी हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि शिक्षा केवल डिग्री हासिल करने तक सीमित नहीं होनी चाहिए, बल्कि यह स्वतंत्र सोच, सवाल पूछने का साहस और समाज में बदलाव लाने का संकल्प विकसित करे।
इससे पहले उन्होंने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देखीं और विवि के इनोवेशन सेंटर, लाइब्रेरी तथा जैव प्रौद्योगिकी विभाग का दौरा किया। उन्होंने गुरु जम्भेश्वर महाराज को पुष्पांजलि भी अर्पित की।
कुलपति प्रो. विजय कुमार ने कहा कि यह दौरा भारत-फिलिस्तीन के शैक्षणिक एवं सांस्कृतिक सहयोग को नई दिशा देगा। इस अवसर पर संस्कार भारती के क्षेत्रीय संगठन मंत्री विजय कुमार सहित विवि के अधिकारी मौजूद रहे।

Girish Saini

