युवाओं के कंधों पर लोकतंत्र और संवैधानिक मूल्यों को मजबूत करने की जिम्मेदारीः सांसद बराला

एमडीयू-सीपीएएस में 18वीं राष्ट्रीय युवा संसद आयोजित, छह विद्यार्थी सर्वश्रेष्ठ वक्ता घोषित

युवाओं के कंधों पर लोकतंत्र और संवैधानिक मूल्यों को मजबूत करने की जिम्मेदारीः सांसद बराला

रोहतक/गुरुग्राम, गिरीश सैनी। राज्यसभा सांसद सुभाष बराला ने कहा कि लोकतंत्र और संवैधानिक मूल्यों को सुदृढ़ बनाने में युवाओं की अहम भूमिका है। युवाओं को संविधान में निहित मूल्यों का संदेश जन-जन तक पहुंचाने के साथ सामाजिक समरसता, लैंगिक समानता और समावेशी समाज के निर्माण में योगदान देना चाहिए। यही संविधान निर्माता भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।

बराला बुधवार को एमडीयू के सेंटर फॉर प्रोफेशनल एंड एलाइड स्टडीज (सीपीएएस), गुरुग्राम में आयोजित 18वीं राष्ट्रीय युवा संसद में बतौर मुख्य अतिथि संबोधित कर रहे थे। राष्ट्रीय संविधान दिवस की पूर्व संध्या पर भारत सरकार के संसदीय कार्य मंत्रालय के तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने विद्यार्थियों की आदर्श संसदीय कार्यवाही और जीवंत विमर्श की सराहना की।

कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए एमडीयू के कुलपति प्रो. मिलाप पूनियाँ ने कहा कि संविधान न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुत्व पर आधारित भारत की परिकल्पना प्रस्तुत करता है। युवाओं को संवैधानिक मूल्यों को अपने आचरण में अपनाकर राष्ट्र निर्माण में योगदान देना चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों से जागरूक नागरिक और जिम्मेदार नेतृत्वकर्ता बनने का आह्वान किया।

इस अवसर पर जूरी ने मेगन, अंशिका, अक्ष, मोहम्मद जुनेद, कार्तिकेय शुक्ला और संदीप भारद्वाज को सर्वश्रेष्ठ छह वक्ता घोषित किया। एमडीयू-सीपीएएस की निदेशक प्रो. कविता ढुल ने स्वागत किया।

कार्यक्रम में हरियाणा लोक सेवा आयोग के पूर्व सदस्य डॉ. पवन, डीन एकेडमिक अफेयर्स प्रो. रणदीप राणा, कुलसचिव प्रो. संदीप बंसल, डीन सीडीसी प्रो. राजेश पुनिया, निदेशक जनसंपर्क सुनित मुखर्जी, प्रो. अनुपम कुलवाल, डॉ. शालिनी शर्मा, डॉ. कर्मबीर गिल सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।