एसआईआर में छूटे मतदाताओं को 30 नवंबर तक एक और मौकाः मंडलायुक्त मोनिका मलिक
गैर हाजिर, स्थानांतरित, मृतक व डुप्लीकेट मतदाताओं के गणना प्रपत्रों का होगा वितरण और संग्रहण
रोहतक, गिरीश सैनी। विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर)-2026 के तहत गैर हाजिर, स्थानांतरित, मृतक और डुप्लीकेट मतदाताओं को गणना प्रपत्र जमा करवाने के लिए 30 नवंबर तक एक और अवसर दिया गया है। रोहतक मंडल की आयुक्त मोनिका मलिक ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि ऐसे मतदाताओं तक दोबारा पहुंचकर गणना प्रपत्र वितरित किए जाएं और भरे हुए प्रपत्र वापस एकत्रित किए जाएं।
मंडलायुक्त ने बुधवार को कैंप कार्यालय में एसआईआर की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए कहा कि बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) के माध्यम से छूटे हुए मतदाताओं से संपर्क सुनिश्चित किया जाए। प्रपत्रों के वितरण और संग्रहण की नियमित निगरानी करते हुए निर्धारित समय सीमा में कार्य पूरा किया जाए।
मंडलायुक्त ने राजनीतिक दलों के बूथ लेवल एजेंटों (बीएलए) का सहयोग लेने पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि बीएलए के साथ समन्वय बनाकर मतदाताओं को एसआईआर प्रक्रिया के प्रति जागरूक किया जाए। मतदाता सूची का शुद्धिकरण पारदर्शिता और जिम्मेदारी से किया जाए, ताकि कोई भी पात्र मतदाता अपने मताधिकार से वंचित न रहे।
बैठक में उपायुक्त सतबीर सिंह, एडीसी नरेंद्र कुमार सहित सभी निर्वाचक पंजीयन अधिकारी मौजूद रहे।

Girish Saini

