सुपवा के साथ हाथ मिलाएंगे एनएफडीसी और एफटीआईआई, छात्रों को मिलेंगे नए अवसर

शैक्षणिक साझेदारी के साथ संयुक्त कार्यशालाओं और परियोजनाओं पर रहेगा जोर

सुपवा के साथ हाथ मिलाएंगे एनएफडीसी और एफटीआईआई, छात्रों को मिलेंगे नए अवसर

रोहतक, गिरीश सैनी। फिल्म निर्माण और प्रशिक्षण के क्षेत्र में दादा लख्मी चंद राज्य प्रदर्शन एवं दृश्य कला विवि (डीएलसी सुपवा के विद्यार्थियों के लिए नए अवसर खुलने की उम्मीद है। गोवा में आयोजित 57 वें भारतीय अंतर्राष्ट्रीय फिल्म महोत्सव (आईएफएफआई) में राष्ट्रीय फिल्म विकास निगम (एनएफडीसी) के चेयरमैन जी. कृष्ण कुमार और फिल्म एंड टेलीविजन इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया (एफटीआईआई), पुणे के कुलपति धीरज सिंह ने सुपवा के स्टॉल का दौरा कर संस्थान की गतिविधियों में रुचि दिखाई। दोनों संस्थानों ने सुपवा के साथ मिलकर विद्यार्थियों के हित में काम करने की संभावनाएं तलाशने पर सहमति जताई।

सुपवा के कुलपति डॉ. अमित आर्य ने अपने चार दिवसीय दौरे के दौरान फिल्म, कला, संस्कृति और मीडिया जगत की प्रमुख हस्तियों से मुलाकात कर उन्हें सुपवा आने का निमंत्रण दिया। इस दौरान फिल्म निर्माण, पटकथा लेखन, अभिनय, निर्देशन, सिनेमैटोग्राफी और संपादन जैसे क्षेत्रों में सहयोग पर चर्चा हुई।

एनएफडीसी चेयरमैन जी. कृष्ण कुमार ने विशेषज्ञ व्याख्यान, कार्यशालाएं, प्रशिक्षण कार्यक्रम और संयुक्त रचनात्मक परियोजनाएं आयोजित करने की इच्छा जताई। वहीं, एफटीआईआई के कुलपति धीरज सिंह ने भी सुपवा के साथ सहयोग की संभावनाओं को आगे बढ़ाने पर जोर दिया।

वीसी डॉ. अमित आर्य ने कहा कि प्रतिष्ठित संस्थानों के साथ साझेदारी से विद्यार्थियों को उद्योग की जरूरतों के अनुरूप प्रशिक्षण, विशेषज्ञ मार्गदर्शन और राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के अवसर मिलेंगे।