रोहतक की ‘निपुण वाटिका’ को मिला स्कॉच अवार्ड, राष्ट्रीय स्तर पर चमका जिला
प्रारंभिक शिक्षा में नवाचार को मिली पहचान, 19 दिसंबर को नई दिल्ली में होगा सम्मान
रोहतक, गिरीश सैनी। सरकारी विद्यालयों में प्रारंभिक शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने और बच्चों को गतिविधि आधारित शिक्षण से जोड़ने की रोहतक की अभिनव पहल ‘निपुण वाटिका’ ने प्रतिष्ठित स्कॉच अवार्ड-2026 हासिल किया है। इस उपलब्धि से जिले के शैक्षणिक नवाचार को राष्ट्रीय पहचान मिली है। 19 दिसंबर को नई दिल्ली में आयोजित 11वें स्कॉच समिट में इस पहल को सम्मानित किया जाएगा।
इस मॉडल की परिकल्पना अतिरिक्त उपायुक्त नरेंद्र कुमार ने की थी। इसके तहत विद्यालयों में विशेष शिक्षण केंद्र विकसित कर बच्चों को खेल-खेल में भाषा और गणित की बुनियादी दक्षताएं सिखाई जा रही हैं। सीएसआर के सहयोग से स्थापित इन केंद्रों में शिक्षण सामग्री, इंटरैक्टिव टूल्स और गतिविधि आधारित संसाधन उपलब्ध करवाए गए हैं। इसका उद्देश्य रटने के बजाय बच्चों में अवधारणात्मक समझ, जिज्ञासा और तार्किक सोच विकसित करना है।
मॉडल की सफलता को देखते हुए हरियाणा सरकार ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 में प्रदेश के प्रत्येक जिले में मॉडल बाल वाटिका स्थापित करने के लिए इसे रेफरेंस मॉडल बनाया है। अन्य जिलों के शिक्षा अधिकारियों ने भी रोहतक पहुंचकर इसकी कार्यप्रणाली समझी है।
उपायुक्त सतबीर सिंह ने इसे जिले के लिए गर्व की उपलब्धि बताते हुए शिक्षा विभाग, शिक्षकों और सहयोगी संस्थानों के प्रयासों की सराहना की।

Girish Saini

