कानून पढ़ने के साथ जरूरतमंदों तक न्याय पहुंचाने की जिम्मेदारीः प्रो. अनुसूया

नवागंतुक विधि विद्यार्थियों के लिए लीगल एड ओरिएंटेशन कार्यक्रम।

कानून पढ़ने के साथ जरूरतमंदों तक न्याय पहुंचाने की जिम्मेदारीः प्रो. अनुसूया

रोहतक, गिरीश सैनी। एमडीयू के विधि विभाग में द लीगल एड सोसाइटी द्वारा नवागंतुक विधि विद्यार्थियों के लिए लीगल एड ओरिएंटेशन कार्यक्रम आयोजित किया गया। विभागाध्यक्षा प्रो. सोनू के निर्देशन में हुए कार्यक्रम में बीए एलएलबी, एलएलबी और एलएलएम के विद्यार्थियों ने भाग लिया।

सोसाइटी की निदेशिका प्रो. अनुसूया यादव ने विद्यार्थियों को देश में विधिक सहायता व्यवस्था, विधि सेवा प्राधिकरण अधिनियम के तहत कार्यरत संस्थाओं और सोसाइटी की गतिविधियों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि विधि विद्यार्थियों की जिम्मेदारी केवल कानून पढ़ने तक सीमित नहीं है। उन्हें जरूरतमंद और वंचित लोगों तक न्याय एवं कानूनी सहायता पहुंचाने में भी सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों को लीगल एड वालंटियर के रूप में जुड़ने के लिए प्रेरित किया।

शोधार्थी ललित कुमार ने संवैधानिक प्रावधानों और व्यावहारिक उदाहरणों के जरिए विधिक सहायता के महत्व को समझाया। स्टूडेंट कोऑर्डिनेटर केशव, अभिषेक और मानवी ने सोसाइटी की गतिविधियों व स्वयंसेवकों की भूमिका बताई। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में सामाजिक उत्तरदायित्व और न्याय के प्रति प्रतिबद्धता विकसित करना रहा।