वडनगर से काशी तक गूंजेगा सेवा संकल्प, हरियाणा में दो रूट तय
रेवाड़ी-पलवल में रात्रि ठहराव, चार जिलों में भव्य स्वागत; 7 अक्टूबर को राष्ट्रीय समापन।
रोहतक, गिरीश सैनी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर शुरू हुए सेवा संकल्प अभियान के तहत वडनगर (गुजरात) से वाराणसी और वाराणसी से वडनगर तक प्रस्तावित बाइक यात्रा को लेकर हरियाणा का रूट तय कर लिया गया है। रोहतक स्थित भाजपा प्रदेश कार्यालय मंगल कमल में राष्ट्रीय सचिव जयप्रकाश की अध्यक्षता में हुई बैठक में यात्रा की तैयारियों को अंतिम रूप दिया गया।
जयप्रकाश ने कहा कि वडनगर प्रधानमंत्री की जन्मभूमि और काशी कर्मभूमि है। दोनों स्थलों को जोड़ने वाली यात्रा सेवा, संस्कार और राष्ट्रनिर्माण के संदेश को जन-जन तक पहुंचाएगी। यात्रा के दौरान स्वच्छता, पौधरोपण, जल संरक्षण, नशामुक्ति और टीबी मुक्त भारत जैसे अभियानों से लोगों को जोड़ा जाएगा।
प्रदेश महामंत्री वेद फुलां ने बताया कि यात्रा का राष्ट्रीय समापन 7 अक्टूबर को होगा। बैठक के बाद कार्यालय परिसर में पौधरोपण भी किया गया।
हरियाणा में पहला रूट महेंद्रगढ़, अटेली, रेवाड़ी, जमालपुर और गुरुग्राम से होकर गुजरेगा, जबकि दूसरा बावल, सोहना और पलवल से होकर जाएगा। रेवाड़ी और पलवल में रात्रि ठहराव होगा। महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, गुरुग्राम और पलवल में स्वागत कार्यक्रम होंगे।

Girish Saini 

