सहकारिता विभाग की रजिस्ट्रार ने किया सहकारी समितियों का निरीक्षण

सहकारिता विभाग की रजिस्ट्रार ने किया सहकारी समितियों का निरीक्षण

रोहतक, गिरीश सैनी। सहकारिता विभाग, हरियाणा की रजिस्ट्रार सुभिता ढाका (आईएएस) ने रोहतक का दौरा कर उप-रजिस्ट्रार (डीआर) कार्यालय का निरीक्षण किया तथा विभागीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ बैठक की। बैठक में उन्होंने उप- रजिस्ट्रार एवं सहायक रजिस्ट्रार को निर्देश दिए कि वे सहकारी समितियों के सदस्यों को पूर्ण सहयोग प्रदान करें तथा समितियों की गतिविधियों पर कड़ी निगरानी रखें, ताकि किसी भी प्रकार की धोखाधड़ी या अनियमितता को रोका जा सके। 

इस दौरान उन्होंने प्राथमिक कृषि सहकारी समितियों (पैक्स) रोहतक, जसिया एवं बसंतपुर का भी निरीक्षण किया। उन्होंने डे एंड प्रक्रिया एवं ऑनलाइन बैंकिंग गतिविधियों की जांच की और ग्राहकों से संवाद कर सेवाओं की गुणवत्ता के बारे मे जानकारी प्राप्त की। उन्होंने निर्देश दिए कि सहकारी संस्थाओं में पारदर्शिता, जवाबदेही एवं सुचारू संचालन सुनिश्चित किया जाए, ताकि आम नागरिकों को बेहतर एवं भरोसेमंद सेवाएं मिल सकें।