सुपवा की कुलसचिव एमआईएफएफ में बतौर वक्ता शिरकत करेंगी

मुंबई में शुरू हुआ 19वां मुंबई इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल।

सुपवा की कुलसचिव एमआईएफएफ में बतौर वक्ता शिरकत करेंगी

रोहतक, गिरीश सैनी। दादा लख्मी चंद राज्य प्रदर्शन एवं दृश्य कला विवि (डीएलसी सुपवा), रोहतक की कुलसचिव डॉ. गुंजन मलिक मनोचा 19वें मुंबई इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल (एमआईएफएफ) में बतौर वक्ता शिरकत करेंगी। वे एमआईएफएफ में 18 जून को ओपन फोरम सेशन के दौरान अपने विचार रखेंगी। 15 जून से शुरू हुआ एमआईएफएफ 21 जून तक जारी रहेगा।

विवि के फिल्म एवं टेलीविजन फैकल्टी के एफसी महेश टीपी ने बताया कि एमआईएफएफ का आयोजन केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय व नेशनल फिल्म डेवलपमेंट कॉर्पोरेशन (एनएफडीसी) द्वारा संयुक्त रूप से किया जाता है। सात दिन तक चलने वाले एमआईएफएफ को देश में सबसे बड़े फिल्म फेस्टिवल के तौर पर जाना जाता है। इसमें मिलने वाले अवार्ड को राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कारों के बाद देश में दूसरा सबसे बड़ा फिल्मी अवार्ड माना जाता है।

उन्होंने बताया कि कुलसचिव डॉ गुंजन मलिक मनोचा इस समारोह में -क्या युवा फिल्ममेकर डॉक्यूमेंट्री को फिर से परिभाषित कर रहे हैं- विषय पर अपने विचार रखेंगी। उनके साथ भारतीय फिल्म एवं टेलीविजन संस्थान (एफटीआईआई) पुणे के कुलपति धीरज सिंह, फिल्ममेकर प्रबल खाउंड, प्रीति शर्मा, मृदुल मधु व संतोषी मिश्रा मंच साझा करेंगी।

कुलसचिव डॉ गुंजन मलिक मनोचा ने बताया कि एमआईएफएफ के मंच पर सुपवा को जगह मिलना वास्तव में गर्व की बात है। वे इस मंच से सुपवा में फिल्म इंडस्ट्री की जरूरत के मुताबिक तैयार हो रहे छात्रों के बारे में भी फिल्म निर्माता-निर्देशकों को अवगत कराएंगी।