कुलसचिव ने लेखा कार्यों में पारदर्शिता और नियमों के पालन का आह्वान किया

कुलसचिव ने लेखा कार्यों में पारदर्शिता और नियमों के पालन का आह्वान किया

रोहतक, गिरीश सैनी। लेखा (एकाउंट) संबंधित मामलों में पूरी ईमानदारी, पारदर्शिता, निष्ठा से दायित्व निर्वहन करने, विवि तथा प्रदेश सरकार के नियमों तथा दिशा-निर्देशों का पालन करने तथा लेखा परीक्षा (ऑडिटिंग) के नियमों का भी ध्यान रखने का आह्वान एमडीयू के कुलसचिव प्रो. संदीप बंसल ने एक आधिकारिक बैठक में किया।

लेखा शाखा के तत्वावधान में आयोजित इस बैठक में कुलसचिव प्रो. संदीप बंसल, इमसार के निदेशक प्रो. प्रदीप अहलावत, वित्त अधिकारी मुकेश भट्ट तथा वित्तीय परामर्शदाता एन.आर. शर्मा सहित विभागाध्यक्ष, शाखा अधिकारी शामिल हुए।

कुलसचिव प्रो. संदीप बंसल ने एकाउंटिंग तथा ऑडिटिंग के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि सभी वित्तीय प्रक्रियाओं का उचित प्रकार से दस्तावेजीकरण होना जरूरी है। उन्होंने उम्मीद जताई कि हर कर्मी इस कार्य को निपुणता के साथ करेंगे।

वित्त अधिकारी मुकेश भट्ट ने वित्तीय प्रक्रियाओं की बारीकियां समझाते हुए विशेष रूप से ऑडिट पैरा का जवाब दस्तावेजों के साथ उपयुक्त ढंग से देने पर ज़ोर दिया। वित्तीय परामर्शदाता एन.आर. शर्मा ने लेखा परीक्षा आपत्तियों का जवाब पूरी जिम्मेदारी तथा समझदारी से देने का परामर्श दिया। इमसार के निदेशक प्रो. प्रदीप अहलावत ने वित्तीय कार्यों तथा प्रक्रियाओं में नियमानुसार कार्य विधि का पालन सुनिश्चित करने को कहा। बैठक में निर्धारित समय सीमा के दौरान ही वित्तीय एवं लेखा सम्बंधित प्रक्रियाओं को पूरा करने पर विशेष जोर दिया गया।