नगर के इतिहास, विरासत और गौरव को नई पहचान देने की ऐतिहासिक शुरुआत है नीलोखेड़ी उत्सवः एचआईआरडी निदेशक डॉ. चौहान
नीलोखेड़ी, गिरीश सैनी। नीलोखेड़ी का इतिहास केवल पुस्तकों तक सीमित न रहे, बल्कि नई पीढ़ी को उसकी गौरवशाली विरासत से जोड़ना हमारी सामूहिक जिम्मेदारी है। ये उद्गार हरियाणा ग्रामीण विकास संस्थान (एचआईआरडी) के निदेशक डॉ. वीरेंद्र सिंह चौहान ने नीलोखेड़ी नगरपालिका में नीलोखेड़ी उत्सव के आयोजन को लेकर आयोजित पार्षदों की बैठक को संबोधित करते हुए व्यक्त किए। बैठक की अध्यक्षता नगर पालिका की चेयरपर्सन सनमीत कौर आहूजा ने की।
बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि इस वर्ष से नीलोखेड़ी की स्थापना का उत्सव 15 से 19 जुलाई के मध्य आधिकारिक रूप से मनाया जाएगा। इस दौरान नगर के गोल मार्केट पार्क में हवन यज्ञ का आयोजन कर पूर्वजों को नमन किया जाएगा। साथ ही पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए हर घर-एक पौधा अभियान भी चलाया जाएगा, जिसके तहत नीलोखेड़ी के प्रत्येक घर में एक पौधा लगाने का संकल्प लिया गया। बैठक में ये भी निर्णय लिया गया कि 19 जुलाई को नीलोखेड़ी उत्सव के अंतर्गत एक संगोष्ठी का आयोजन किया जाएगा। इस उत्सव के माध्यम से नीलोखेड़ी के गौरवशाली इतिहास, सांस्कृतिक विरासत और विकास यात्रा को जन-जन तक पहुंचाया जाएगा।
डॉ. वीरेंद्र सिंह चौहान ने कहा कि नीलोखेड़ी उत्सव केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि नगर के इतिहास, विरासत और गौरव को नई पहचान देने की ऐतिहासिक शुरुआत है। उन्होंने कहा कि नीलोखेड़ी उत्सव के माध्यम से नगर की सांस्कृतिक धरोहर, चौतांग की ऐतिहासिक महत्ता, पर्यावरण संरक्षण तथा सामाजिक एकता का संदेश जन-जन तक पहुंचाया जाएगा। उन्होंने सभी नगरवासियों से इस अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लेने का आह्वान किया।
नगर पालिका चेयरपर्सन सनमीत कौर आहूजा ने इस आयोजन को सफल बनाने के लिए नगर पालिका की ओर से पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि स्थापना दिवस और नीलोखेड़ी उत्सव के माध्यम से नगर की पहचान को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।
बैठक में पार्षद हरविंदर कौर, अंजना कुमारी, सुखविंदर कैनवाल, रणबीर सिंह भाटिया, मुकेश कुमार, प्रवीण कुमार, दर्शना देवी, नीतू देवी, अमित चावला, भूपेश जुनेजा, रजवंत कौर, मुलख राज आहूजा सहित अन्य गणमान्य जन मौजूद रहे। उपस्थित जन ने नीलोखेड़ी स्थापना दिवस एवं नीलोखेड़ी उत्सव को सफल बनाने के लिए अपने बहुमूल्य सुझाव दिए।
Girish Saini 


