संस्कृति और गौरवशाली विरासत को पुनर्जीवित करने का अभियान है नीलोखेड़ी उत्सवः डॉ. वीरेंद्र सिंह चौहान
वरिष्ठ नागरिकों ने साझा किए भावुक संस्मरण।
नीलोखेड़ी, गिरीश सैनी। आगामी नीलोखेड़ी उत्सव के अंतर्गत हरियाणा ग्रामीण विकास संस्थान, नीलोखेड़ी में नगर के वरिष्ठ नागरिकों के अनुभवों और विभाजन काल की स्मृतियों को संजोने के उद्देश्य से एक विशेष संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान वरिष्ठ नागरिकों ने वर्ष 1947 के भारत विभाजन के समय के अपने संघर्ष, पीड़ा, विस्थापन और नीलोखेड़ी के पुनर्निर्माण की प्रेरणादायक कहानियां साझा कीं। उनके भावुक संस्मरणों से भावविभोर उपस्थित जन की आंखें नम हो गई।
जीवन का शतक पूरा कर चुके वृद्ध बेला राम ने विभाजन के दौरान अपने जीवन का मार्मिक अनुभव साझा करते हुए बताया कि भारत के विभाजन के वक्त उनकी आयु लगभग 21 वर्ष थी। उन्होंने बताया कि सरहद के उस पार से भारत आते समय उन्होंने अपनी आंखों के सामने अपने परिवार के पांच सदस्यों को ज़िंदा आग में जलते हुए देखा। उन्होंने कहा कि उनके परिवार के लोगों ने धर्मांतरण स्वीकार करने के बजाय अपने धर्म और आस्था की रक्षा का मार्ग चुना तथा उसी संघर्ष में उन्होंने अपने प्राणों का बलिदान दे दिया।
एचआईआरडी के निदेशक डॉ. वीरेंद्र सिंह चौहान ने कहा कि किसी भी समाज की सबसे बड़ी पूंजी उसका इतिहास और उसे संजोकर रखने वाले वरिष्ठ नागरिक होते हैं। नीलोखेड़ी का वर्तमान इन्हीं पुरोधाओं के संघर्ष, त्याग और अथक परिश्रम की नींव पर खड़ा है। आने वाली पीढ़ियों को अपने इतिहास और विरासत से जोड़ने के लिए इन अनुभवों का दस्तावेजीकरण अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि नीलोखेड़ी उत्सव केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि अपनी जड़ों, संस्कृति और गौरवशाली विरासत को पुनः जीवंत करने का अभियान है।
डॉ. चौहान ने उपस्थित वरिष्ठ नागरिकों का हार्दिक स्वागत करते हुए उन्हें मान की प्रतीक पगड़ी पहनाकर सम्मानित किया तथा उनके अमूल्य अनुभव साझा करने के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इन संस्मरणों को आगामी नीलोखेड़ी उत्सव के लिए तैयार की जा रही विशेष डॉक्यूमेंट्री में शामिल किया जाएगा, ताकि आने वाली पीढ़ियां नीलोखेड़ी के निर्माण और विकास के संघर्षपूर्ण इतिहास से प्रेरणा ले सकें।
इस दौरान वरिष्ठ नागरिक बेला राम, भगवान दास व बलराम, पार्षद अंजना कुमारी, सुरेंद्र शर्मा सहित अन्य गणमान्य जन मौजूद रहे।
Girish Saini 


