सैनिकों के सर्वोच्च बलिदान का राष्ट्र सदा ऋणी रहेगाः कुलपति प्रो. मिलाप पूनियाँ

कारगिल विजय दिवस पर एमडीयू में वीर जवानों को दी श्रद्धांजलि।

सैनिकों के सर्वोच्च बलिदान का राष्ट्र सदा ऋणी रहेगाः कुलपति प्रो. मिलाप पूनियाँ

रोहतक, गिरीश सैनी। कारगिल विजय दिवस के अवसर पर एमडीयू परिसर स्थित राज्य स्तरीय युद्ध स्मारक पर कुलपति प्रो. मिलाप पूनियाँ ने भारतीय सेना के वीर जवानों को पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। उन्होंने युद्ध स्मारक पर पुष्पचक्र अर्पित करते हुए देश की रक्षा के लिए सैनिकों के अदम्य साहस, वीरता और सर्वोच्च बलिदान को नमन किया।

कुलपति प्रो. मिलाप पूनियाँ ने कहा कि भारतीय सेना की निर्णायक विजय और उनकी निरंतर सतर्कता के लिए पूरा राष्ट्र सदैव उनका ऋणी रहेगा। उन्होंने कहा कि हम अपने घरों में सुरक्षित हैं क्योंकि हमारे सैनिक दिन-रात देश की रक्षा में जुटे रहते हैं और आवश्यकता पड़ने पर सर्वोच्च बलिदान देने से भी पीछे नहीं हटते।

कुलपति ने कहा कि भारतीय सेना के शौर्य, पराक्रम और बलिदान की गौरव गाथा को व्यापक स्तर पर प्रचारित किया जाना चाहिए तथा नई पीढ़ी को इन वीर सैनिकों के अद्वितीय योगदान से अवगत कराया जाना चाहिए, ताकि उनका बलिदान सदैव स्मरणीय रहे और युवा पीढ़ी इनसे प्रेरणा ले सके।

कुलपति प्रो. मिलाप पूनियाँ ने इस दौरान पूर्व सैनिकों से भी संवाद किया और उनके योगदान की सराहना करते हुए कहा कि उनका जीवन और सेवाभाव देश के युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है।

इस दौरान कुलसचिव प्रो. संदीप बंसल, निदेशक जनसंपर्क सुनित मुखर्जी, निदेशक युवा कल्याण डॉ. प्रताप राठी तथा कारगिल युद्ध के वीरता पदक से सम्मानित ब्रिगेडियर हरबीर सिंह (मुख्य सलाहकार, एमडीयू) सहित विवि परिवार के अनेक सदस्यों ने भी भारतीय सशस्त्र बलों के वीर जवानों को पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धा सुमन अर्पित किए।