युवाओं की सोच तय करेगी देश की दशा और दिशाः मीना परमार

महिला आयोग उपाध्यक्ष बोलीः महिलाएं निडर होकर उठाएं अपनी आवाज, नौकरी मांगने के बजाय नौकरी देने वाली बनें

युवाओं की सोच तय करेगी देश की दशा और दिशाः मीना परमार

हिसार, गिरीश सैनी। हरियाणा राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष मीना परमार ने कहा कि तेजी से बदलती दुनिया में देश को आगे ले जाने की जिम्मेदारी युवा पीढ़ी की है। युवाओं की सोच ही देश की दशा और दिशा निर्धारित करेगी।

गुरु जम्भेश्वर विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विवि में आयोजित संवाद कार्यक्रम के दौरान उन्होंने छात्राओं से बिना डरे अपनी आवाज उठाने और महिला अधिकारों के प्रति जागरूक रहने का आह्वान किया। 

उन्होंने कहा कि महिलाओं के खिलाफ अपराध की शिकायत महिला हेल्पलाइन, महिला आयोग और महिला थाने में की जा सकती है। सोशल मीडिया का सतर्कता से इस्तेमाल करें, ताकि साइबर अपराध से बचा जा सके। उन्होंने युवतियों से नौकरी पाने के बजाय रोजगार देने वाली बनने और विकसित भारत-2047 के निर्माण में योगदान देने की अपील की।

कुलपति प्रो. विजय कुमार ने कहा कि किसी राष्ट्र के विकास का आकलन वहां की महिलाओं के सशक्तिकरण से होता है। उन्होंने विद्यार्थियों को 5 ’सी’ का फार्मूला देते हुए कहा कि वे अपने व्यक्तिगत चरित्र के साथ साथ राष्ट्र चरित्र का भी निर्माण करे, सृजनात्मक कौशल विकसित करे तथा प्रश्न पूछने की आदत बनाये रखे। उन्होंने बेटियों के साथ बेटों को भी संस्कारवान बनाने पर जोर दिया। 


कार्यक्रम में कुलसचिव डॉ. विजय कुमार, प्रो. दीपा मंगला और प्रो. सविता उबा सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।