एमडीयू में गूंजा - जो खेलेगा, वो खिलेगा और खेलेगा भारत तो जीतेगा भारत का संदेश
राष्ट्रीय खेल दिवस समारोह के अंतिम दिन विद्यार्थियों ने किया योगाभ्यास।
रोहतक, गिरीश सैनी। एमडीयू में चल रहा राष्ट्रीय खेल दिवस समारोह रविवार को योग सत्र के साथ संपन्न हुआ। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान -जो खेलेगा, वो खिलेगा और खेलेगा भारत, जीतेगा भारत के संदेश के साथ आयोजित समारोह में विद्यार्थियों, खिलाड़ियों, शिक्षकों और खेल प्रेमियों ने उत्साह से भाग लिया।
समापन समारोह में डीन, स्टूडेंट्स वेलफेयर प्रो. सपना गर्ग ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। शुरुआत में हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद को पुष्पांजलि अर्पित की गई। उपस्थित जन ने भारतीय हॉकी में उनके योगदान को याद करते हुए श्रद्धांजलि दी।
मुख्य अतिथि प्रो. सपना गर्ग ने युवाओं से खेलों को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान किया। अंतिम दिन आयोजित योग सत्र में विद्यार्थियों ने विभिन्न योगासन, प्राणायाम और ध्यान का अभ्यास किया। योग प्रशिक्षकों ने नियमित योग और शारीरिक गतिविधियों को स्वस्थ जीवनशैली का हिस्सा बनाने के लिए प्रेरित किया। खेल निदेशक कुलताज सिंह ने कहा कि खेल विद्यार्थियों में अनुशासन, नेतृत्व और टीम भावना विकसित करने के साथ उनके शारीरिक-मानसिक विकास में भी अहम भूमिका निभाते हैं।
इस दौरान विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं, फिटनेस गतिविधियों और जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। एक घंटा खेल के मैदान में अभियान में भी विद्यार्थियों, शिक्षकों और कर्मचारियों ने भागीदारी की। इस दौरान सहायक खेल निदेशक विपिन सैनी, निदेशक युवा कल्याण डॉ. प्रताप राठी, खेल अधिकारी, खिलाड़ी और विद्यार्थी मौजूद रहे।

Girish Saini 

