लोकगीतों और नुक्कड़ नाटकों से गूंजा नशा मुक्त हरियाणा का संदेश

युवा महोत्सव के दूसरे दिन प्रतिभागियों ने दिखाई प्रतिभा, उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वालों को किया सम्मानित

लोकगीतों और नुक्कड़ नाटकों से गूंजा नशा मुक्त हरियाणा का संदेश

रोहतक, गिरीश सैनी। एमडीयू के टैगोर ऑडिटोरियम में आयोजित दो दिवसीय जिला स्तरीय युवा महोत्सव के दूसरे दिन सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के जरिए नशा मुक्त हरियाणा का संदेश गूंजा। हरियाणा युवा महोत्सव-2026 के तहत आयोजित कार्यक्रम में युवाओं ने लोकनृत्य, लोकगीत, गायन और नुक्कड़ नाटकों के माध्यम से नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक किया।

कार्यक्रम का शुभारंभ पूर्व मंत्री ओमप्रकाश धनखड़ ने दीप प्रज्वलित कर किया। भाजपा प्रदेश कोषाध्यक्ष अजय बंसल विशिष्ट अतिथि रहे। धनखड़ ने युवाओं से नशे से दूर रहने और समाज को भी इस बुराई के खिलाफ जागरूक करने का आह्वान किया।

नुक्कड़ नाटकों में नशे के सामाजिक एवं पारिवारिक दुष्प्रभावों को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया गया, वहीं लोक प्रस्तुतियों ने हरियाणवी संस्कृति की छटा बिखेरी।

समापन समारोह में जिला परिषद चेयरपर्सन मंजू हुड्डा ने मुख्य अतिथि तथा मुख्यमंत्री के पूर्व ओएसडी अभिमन्यु यादव ने विशिष्ट अतिथि के रूप में शिरकत की। उन्होंने विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को सम्मानित किया। मंजू हुड्डा ने युवाओं से नशा मुक्त हरियाणा के संकल्प को मजबूत करने और महिला सशक्तिकरण में योगदान देने की अपील की।

उपायुक्त सतबीर सिंह के निर्देशानुसार नोडल अधिकारी एवं नगराधीश शुभम के मार्गदर्शन में महोत्सव आयोजित हुआ। आईटीआई रोहतक के प्राचार्य राजपाल सिंधु ने आयोजन का समन्वय किया।