सहकारी चीनी मिलों के साथ ज्यादा से ज्यादा किसानों को जोड़ा जाएः उपायुक्त सचिन गुप्ता
महम सहकारी चीनी मिल का पेराई सत्र संपन्न, 18.15 लाख क्विंटल गन्ने की पेराई, एक लाख 50 हजार 25 क्विंटल चीनी का उत्पादन।
रोहतक, गिरीश सैनी। उपायुक्त सचिन गुप्ता ने रोहतक व महम सहकारी चीनी मिल के अधिकारियों के साथ वर्तमान पेराई सत्र की समीक्षा करते हुए चीनी मिलों के साथ ज्यादा से ज्यादा किसानों को जोड़ने की बात कही ताकि चीनी मिलों को ज्यादा गन्ना सप्लाई हो सके। उन्होंने चीनी मिल्स को लाभ में लाने के लिए आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिये। उन्होंने दोनों चीनी मिलों में किसानों के गन्ने के भुगतान बारे भी जानकारी ली।
उपायुक्त सचिन गुप्ता ने भाली आनंदपुर स्थित सहकारी चीनी मिल तथा महम सहकारी चीनी मिल के प्रबंध निदेशकों एवं उच्चाधिकारियों के साथ वर्तमान पेराई सत्र की समीक्षा करते हुए कहा कि दोनों चीनी मिलों में गन्ना क्षेत्र को बढ़ाने के लिए ज्यादा से ज्यादा किसानों को मिल के साथ जोड़ा जाये।
उन्होंने कहा कि रोहतक चीनी मिल में वर्तमान पेराई सत्र जारी है, जो आगामी अप्रैल माह में संपन्न होगा। चीनी मिल में वर्तमान पेराई सत्र के दौरान अब तक 26 लाख 30 हजार क्विंटल गन्ने की पेराई की जा चुकी है तथा चीनी मिल द्वारा अब तक 4 लाख 95 हजार 100 क्विंटल चीनी का उत्पादन किया गया है। उन्होंने मिल की प्रबंध निदेशक श्वेता सुहाग को चीनी मिल को शेष पेराई सत्र में सुचारू रूप से चलाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
उपायुक्त ने कहा कि महम सहकारी चीनी मिल का वर्तमान पेराई सत्र संपन्न हो गया है। वर्तमान पेराई सत्र के दौरान चीनी मिल द्वारा 18.15 लाख क्विंटल गन्ने की पेराई की गई है तथा मिल द्वारा एक लाख 50 हजार 25 क्विंटल चीनी का उत्पादन किया गया है। सहकारी चीनी मिल की चीनी रिकवरी दर 8.51 प्रतिशत रही है। चीनी मिल द्वारा 15301.50 क्विंटल चीनी की बिक्री की गई है तथा 95 हजार क्विंटल सीरा का उत्पादन हुआ है तथा 32789.80 क्विंटल खोई की बिक्री की गई है।
बैठक में रोहतक चीनी मिल की एमडी श्वेता सुहाग, महम चीनी मिल के एमडी मुकुल तंवर के अलावा मिल्स प्रबंधन से आनंद सिंह, संजीव कुमार, वीरेंद्र कुमार, अजय बल्हारा व अशोक कुमार आदि मौजूद रहे।

Girish Saini 

