एमडीयू में गूंजा -बड़े सपने देखो, नौकरी देने वाले बनो का मंत्र

युवा उद्यमी यात्रा में विशेषज्ञों ने विद्यार्थियों को उद्यमिता, स्टार्टअप और स्वरोजगार के लिए किया प्रेरित।

एमडीयू में गूंजा -बड़े सपने देखो, नौकरी देने वाले बनो का मंत्र

रोहतक, गिरीश सैनी। एमडीयू में वीरवार को हरियाणा युवा उद्यमी यात्रा-2026 के तहत विद्यार्थियों को उद्यमिता, नवाचार, स्टार्टअप और स्वरोजगार के लिए प्रेरित किया गया। पं. दीनदयाल उपाध्याय सेंटर फॉर स्किल एंड वोकेशनल एजुकेशन तथा सेंटर फॉर इनोवेशन एंड इन्क्यूबेशन एक्सीलेंस द्वारा आयोजित कार्यक्रम में केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं, कौशल विकास तथा स्वरोजगार के अवसरों की जानकारी दी गई।

कुलसचिव प्रो. संदीप बंसल ने विद्यार्थियों से बड़े सपने देखने और नए विचारों पर काम करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि युवा केवल नौकरी पाने की सोच तक सीमित न रहें, बल्कि नौकरी देने वाले बनने का लक्ष्य रखें। नवाचार और उद्यमिता को करियर विकल्प के रूप में अपनाने की जरूरत है।

डीन एकेडमिक अफेयर्स प्रो. रणदीप राणा ने हरियाणा युवा उद्यमी यात्रा जैसी पहल की सराहना करते हुए कहा कि कुलपति प्रो. मिलाप पूनियाँ के नेतृत्व में एमडीयू में इनोवेशन, स्टार्टअप और उद्यमिता को बढ़ावा दिया जा रहा है। उन्होंने विद्यार्थियों से पारंपरिक करियर विकल्पों से आगे बढ़कर अपनी रचनात्मक सोच और कौशल के आधार पर नए अवसर तलाशने की अपील की।

एनएसडीसी, कौशल मंत्रालय के सलाहकार डॉ. कृष्ण कांत कटारिया, स्टार्टअप स्टेयर्स गुरुग्राम के प्रबंध निदेशक डॉ. प्रीत संधू, एनएसडीसी के जनरल मैनेजर अनुपन और हरियाणा कौशल विकास मिशन के दीपक ने विद्यार्थियों से संवाद किया। विशेषज्ञों ने कहा कि रचनात्मक सोच, समस्या समाधान, कौशल और निरंतर प्रयास से विचारों को सफल उद्यम में बदला जा सकता है। उन्होंने विद्यार्थियों के सवालों के जवाब भी दिए।

केंद्र निदेशक प्रो. युद्धवीर सिंह और प्रो. अजीत कुमार ने अतिथियों का स्वागत किया। कार्यक्रम का संचालन डॉ. प्रियंका यादव ने किया। इस अवसर पर शिक्षक, विभागाध्यक्ष और बड़ी संख्या में विद्यार्थी मौजूद रहे।