सांपला नगर पालिका चुनाव में खिलेगा कमलः मंत्री डॉ अरविंद शर्मा
कैबिनेट मंत्री ने टिकट दावेदारों के साथ की बैठक।
सांपला, गिरीश सैनी। सहकारिता, कारागार, निर्वाचन, विरासत व पर्यटन मंत्री डॉ अरविंद शर्मा ने कहा कि संगठन का एक-एक कार्यकर्ता सांपला के विकास और नगरपालिका चुनाव में यहां कमल का फूल खिलाने के लिए पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि सांपला में ट्रिपल इंजन की सरकार बनेगी और कमल का फूल बड़े मार्जन के साथ खिलेगा।
बुधवार को सांपला नगर पालिका चुनाव के मद्देनजर पुरानी अनाज मंडी स्थित अग्रवाल धर्मशाला में आयोजित एक बैठक में बतौर मुख्य वक्ता, कैबिनेट मंत्री डॉ अरविंद शर्मा ने कहा कि भाजपा का कार्यकर्ता केवल चुनाव के समय ही नहीं, बल्कि हर समय जनता के बीच रहकर उनकी समस्याओं के समाधान के लिए कार्य करता है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि सांपला में इस बार ट्रिपल इंजन की सरकार बनेगी, जिससे विकास कार्यों को नई गति मिलेगी और क्षेत्र का समग्र विकास सुनिश्चित होगा। उन्होंने कहा कि केंद्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और हरियाणा में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में सरकार ने जनहित में अनेक ऐतिहासिक फैसले लिए हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने बिना किसी भेदभाव के पारदर्शिता के साथ विकास कार्य किए हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं को निर्देश दिए कि वे सरकार की योजनाओं के पात्र लाभार्थियों तक पहुंचे और उन्हें सरकार की योजनाओं का पूरा लाभ दिलाने का कार्य करें।
उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर चुनाव में जुटने और पार्टी की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया। इसके बाद कैबिनेट मंत्री ने वरिष्ठ भाजपा नेताओं के साथ सांपला नगर पालिका चुनाव में भाजपा की तरफ दावेदारी कर रहे उम्मीदवारों से मुलाकात कर संगठनात्मक, क्षेत्र में प्रभाव व इलाके के लिए उनकी सोच संबंधी सवाल-जवाब किए। इस दौरान प्रदेश कोषाध्यक्ष अजय बंसल, जिला प्रभारी सतेन्द्र परमार, प्रदेश उपाध्यक्ष सतीश नांदल, जिला परिषद चेयरपर्सन मंजू हुड्डा, पूर्व मेयर मनमोहन गोयल, प्रदेश मीडिया सह प्रभारी शमशेर खरक, सहित पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Girish Saini 

