पं. श्रीराम शर्मा का जीवन आदर्श व मूल्यों का प्रतीक हैः मंत्री डॉ अरविंद शर्मा

रोहतक, गिरीश सैनी। हरियाणा के सहकारिता, कारागार, निर्वाचन, विरासत व पर्यटन मंत्री डॉ अरविंद शर्मा ने कहा कि महान स्वतंत्रता सेनानी व संविधान निर्माण सभा सदस्य पं. श्रीराम शर्मा का राजनीतिक जीवन विवादों, गुटबाजी, धनबल की राजनीति से दूर रहा। उनके द्वारा राजनीतिक, सामाजिक व सार्वजनिक जीवन में स्थापित किए गए आदर्श व मूल्यों का हमारी युवा पीढ़ी को अनुसरण करना चाहिए, तभी वो देश की संस्कृति की गरिमा व एकता-अखंडता के लिए काम करेंगे।
बुधवार बाद दोपहर सहकारिता मंत्री डॉ अरविंद शर्मा ने बस स्टैंड के पास पं. श्रीराम पार्क में महान स्वतंत्रता सेनानी व संविधान निर्माण सभा सदस्य प. श्रीराम शर्मा की आदमकद प्रतिमा पर पुष्प भेंट कर उनकी 126वीं जयंती पर श्रद्धासुमन अर्पित किए। कैबिनेट मंत्री ने कहा कि एक सच्चे देशभक्त, राजनेता, लेखक, समाज सुधारक के रूप में पं. श्रीराम शर्मा का जीवन आदर्शों व मूल्यों का प्रतीक है।
उन्होंने कहा कि पं. श्रीराम शर्मा का जीवन सादगी, त्याग और निस्वार्थ सेवा का उदाहरण है। उन्होंने भारत की आजादी के संघर्ष में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई और स्वतंत्रता प्राप्ति के बाद देश के निर्माण में संविधान को सशक्त बनाने में अपना योगदान जारी रखा। देश की आजादी के लिए चलाए गए पांच सत्याग्रह आंदोलन में उन्होंने सक्रिय भागीदारी निभाई, जिसके चलते तकरीबन 10 वर्षों तक वह जेल में बंद रहे। इस दौरान भाजपा प्रदेश कोषाध्यक्ष अजय बंसल, जिलाध्यक्ष रणवीर ढाका, पं. श्रीराम शर्मा विचार मंच के संयोजक डॉ. अशोक दीक्षित सहित अन्य गणमान्य मौजूद रहे।