अधिकारी वार्डो में जाकर करेंगे स्वच्छ सर्वेक्षण के कार्यों की निगरानी
निगमायुक्त डॉ. आनंद कुमार शर्मा ने दिए आवश्यक दिशा निर्देश।
रोहतक, गिरीश सैनी। रोहतक नगर निगम के आयुक्त डॉ. आनंद कुमार शर्मा ने बताया कि स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 के अंतर्गत शहर में चल रहे स्वच्छता कार्यों की निरंतर निगरानी को और अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से निगम अधिकारी वार्डों में जाकर स्वच्छता से संबंधित कार्यों का नियमित निरीक्षण करेंगे। निगम कार्यालय में आयोजित एक बैठक में उन्होंने इस संबंध में अधिकारियों को अलग-अलग वार्ड आवंटित करते हुए आवश्यक दिशा निर्देश दिए।
उन्होंने बताया कि संयुक्त आयुक्त मंजीत सिंह वार्ड 1 से 3, संयुक्त आयुक्त नमिता कुमारी वार्ड 4 से 6, कार्यकारी अभियंता मंजीत दहिया वार्ड 7 व 8, कार्यकारी अभियंता योगराज छिकारा वार्ड 9 व 10, जिला नगर योजनाकार तिलकराज वार्ड 11 व 14, सहायक अभियंता वार्ड 12 व 13, कनिष्ठ अभियंता वार्ड 19 व 20, मुख्य सफाई निरीक्षक सुधीर कुमार वार्ड 17 व 19, मुख्य सफाई निरीक्षक सचिन वार्ड 15 व 16 व भू अधिकारी संदीप बतरा वार्ड 21 व 22 में फील्ड स्तर पर निरीक्षण करेंगे तथा सफाई व्यवस्था का जायजा लेंगे।
निगमायुक्त डॉ. आनंद कुमार शर्मा ने कहा कि इस दौरान अधिकारी डोर-टू-डोर कूड़ा संग्रहण, कूड़े के ढेर, गीला व सूखा कूड़ा अलग-अलग एकत्रित कर उसे कूड़े वाली गाड़ी में भी अलग-अलग डालने बारे जागरूक करेंगें। सार्वजनिक स्थलों की सफाई तथा कूड़ा उठान व्यवस्था का विशेष रूप से निरीक्षण किया जाएगा और किसी भी प्रकार की कमी पाई जाने पर उसे मौके पर ही दूर करवाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जाएंगे।
निगमायुक्त ने कहा कि प्रत्येक नागरिक का यह कर्तव्य है कि वह अपने घर, गली, मोहल्ले और आसपास के क्षेत्र को साफ-सुथरा रखने में सहयोग करे। उन्होंने नागरिकों से अपील की है कि वे घरों से निकलने वाले कूड़े को गीला और सूखा अलग-अलग रखें तथा नगर निगम की स्वच्छता व्यवस्था में सहयोग करें, ताकि जनभागीदारी से रोहतक शहर को स्वच्छ सर्वेक्षण में उत्कृष्ट स्थान दिलाया जा सके। इस बैठक में संयुक्त आयुक्त नमिता कुमारी व मंजीत सिंह सहित जिला नगर योजनाकार, सहायक अभियंता, मुख्य सफाई निरीक्षक एवं अन्य संबंधित अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।

Girish Saini 

