हाइड्रोजन ट्रेन मात्र ट्रेन नहीं, बल्कि विकसित भारत, हरित ऊर्जा और आधुनिक भारत की दिशा में बड़ा कदमः चेयरपर्सन उषा प्रियदर्शी

पीएम मोदी के जींद कार्यक्रम का लाइव प्रसारण, उपस्थित जन ने सुना प्रधानमंत्री मोदी और सीएम नायब सिंह सैनी का भाषण।

हाइड्रोजन ट्रेन मात्र ट्रेन नहीं, बल्कि विकसित भारत, हरित ऊर्जा और आधुनिक भारत की दिशा में बड़ा कदमः चेयरपर्सन उषा प्रियदर्शी

रोहतक, गिरीश सैनी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जींद में आयोजित कार्यक्रम का एमडीयू के टैगोर ऑडिटोरियम में एलईडी के माध्यम से सीधा प्रसारण किया गया। प्रधानमंत्री ने जींद रेलवे स्टेशन से देश की प्रथम हाइड्रोजन ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया तथा प्रदेश की जनता को लगभग 14,700 करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं की सौगात दी।

स्थानीय स्तर पर एमडीयू के टैगोर सभागार में आयोजित जिला स्तरीय कार्यक्रम में सभी वक्ताओं ने इस सौगात के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तथा प्रदेश के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी का आभार व्यक्त किया। इस जिला स्तरीय कार्यक्रम में हरियाणा राज्य महिला आयोग की चेयरपर्सन उषा प्रियदर्शी ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। इस दौरान पूर्व मंत्री मनीष ग्रोवर, उपायुक्त सचिन गुप्ता, जिला परिषद चेयरपर्सन मंजू हुड्डा, पूर्व मंत्री कृष्णमूर्ति हुड्डा, जिलाध्यक्ष रणबीर ढाका, मेयर राम अवतार, पूर्व मेयर मनमोहन गोयल, सहित अनेक जनप्रतिनिधि तथा पुलिस एवं जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे।

मुख्य अतिथि एवं हरियाणा राज्य महिला आयोग की चेयरपर्सन उषा प्रियदर्शी ने अपने संबोधन में कहा कि आज का दिन हरियाणा ही नहीं बल्कि पूरे देश के लिए ऐतिहासिक है। प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में हरियाणा से देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन का शुभारंभ होना गर्व का विषय है। यह केवल एक ट्रेन नहीं बल्कि विकसित भारत, हरित ऊर्जा और आधुनिक भारत की दिशा में बड़ा कदम है। उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी एवं मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि हरियाणा को लगातार बड़ी विकास परियोजनाओं का लाभ मिल रहा है।

उषा प्रियदर्शी ने कहा कि राज्य महिला आयोग महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और न्याय के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करेगा। किसी भी महिला को अन्याय या उत्पीड़न सहने की आवश्यकता नहीं है। उन्होंने महिलाओं से निर्भीक होकर अपनी शिकायत पुलिस एवं महिला आयोग तक पहुंचाने का आह्वान किया तथा कहा कि महिलाओं के साथ अन्याय करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने प्रधानमंत्री ग्रामीण आवास योजना के तहत दो लाभार्थियों कमलेश पत्नी अशोक कुमार तथा कमलेश पत्नी सुरेश काहनौर निवासियों को गृह प्रवेश के लिए घरों की चाबियां सौंपी तथा उन्हें शुभकामनाएं दी।

पूर्व मंत्री मनीष कुमार ग्रोवर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने वर्ष 2014 के बाद विकास, सुशासन और राष्ट्रीय सुरक्षा के क्षेत्र में नए आयाम स्थापित किए हैं। उन्होंने कहा कि हाइड्रोजन ट्रेन हरित ऊर्जा की दिशा में भारत की बड़ी उपलब्धि है, जिससे भविष्य में डीजल एवं पेट्रोल पर निर्भरता कम होगी। उन्होंने कहा कि हरियाणा में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में विकास कार्य निरंतर गति से आगे बढ़ रहे हैं।

उपायुक्त सचिन गुप्ता ने कार्यक्रम के समापन अवसर पर समारोह की मुख्यातिथि व हरियाणा राज्य महिला आयोग की चेयरपर्सन उषा प्रियदर्शी को पौधे के रूप में स्मृति चिन्ह भेंट किया। इस दौरान अतिरिक्त उपायुक्त नरेंद्र कुमार, नगराधीश शुभम, पुलिस उपाधीक्षक राकेश कुमार, तहसीलदार यशपाल शर्मा एवं अन्य संबंधित अधिकारी भी मौजूद रहे।