अवैध ढाबों और सड़क किनारे पार्किंग पर होगी कार्रवाईः मानवाधिकार आयोग

धुंध में सड़क हादसों की आशंका के चलते राष्ट्रीय राजमार्गों पर ट्रकों की पार्किंग रोकने के निर्देश

अवैध ढाबों और सड़क किनारे पार्किंग पर होगी कार्रवाईः मानवाधिकार आयोग

रोहतक, गिरीश सैनी। हरियाणा मानवाधिकार आयोग के अध्यक्ष न्यायमूर्ति ललित बत्तरा और सदस्य दीप भाटिया ने पीटीसी सुनारिया में उपायुक्त सतबीर सिंह और पुलिस अधीक्षक गौरव राजपुरोहित के साथ बैठक कर कानून-व्यवस्था और मानवाधिकारों से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की। उन्होंने अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।

आयोग के अध्यक्ष और सदस्य ने राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग की हिदायतों के अनुरूप मानवाधिकार संरक्षण सुनिश्चित करने पर जोर दिया। बैठक में ट्रांसजेंडर समुदाय और बच्चों के भीख मांगने की प्रवृत्ति जैसे मुद्दों पर भी विचार-विमर्श किया गया।

उन्होंने जिला प्रशासन को सड़कों के किनारे संचालित अवैध ढाबों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए। साथ ही, राष्ट्रीय राजमार्गों पर ट्रकों और अन्य वाहनों की पार्किंग रोकने को कहा, ताकि सर्दियों में धुंध के कारण होने वाली सड़क दुर्घटनाओं की आशंका कम की जा सके।

आयोग ने जरूरतमंदों को रेलवे स्टेशन स्थित रैन बसेरे तक पहुंचाने के लिए जिला प्रशासन की बस व्यवस्था की सराहना की। बैठक में महम के एसडीएम विपिन कुमार, आयोग के सहायक कुलसचिव डॉ. पुनीत अरोड़ा सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।