हरियाणा सरकार बुजुर्गों को कराएगी वाराणसी की निःशुल्क तीर्थ यात्रा

हरियाणा सरकार बुजुर्गों को कराएगी वाराणसी की निःशुल्क तीर्थ यात्रा

रोहतक, गिरीश सैनी। हरियाणा सरकार मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना के तहत 60 वर्ष या इससे अधिक आयु के बुजुर्ग श्रद्धालुओं को निःशुल्क वाराणसी तीर्थ यात्रा करवाएगी। इसके लिए दिसंबर या जनवरी में विशेष रेलगाड़ी चलाई जाएगी। पात्र श्रद्धालुओं से आवेदन लेने के लिए जल्द ही पोर्टल खोला जाएगा।

सूचना, जनसंपर्क एवं भाषा विभाग के निदेशक डॉ. आदित्य दहिया ने शुक्रवार को चंडीगढ़ में आईआरसीटीसी अधिकारियों के साथ बैठक कर तैयारियों की समीक्षा की। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी विशेष रेलगाड़ी को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को पर्यटक किट भी दी जाएगी। पात्रता के लिए परिवार की वार्षिक आय 1.80 लाख रुपये से अधिक नहीं होनी चाहिए।