राज्यपाल सुपवा में करेंगे प्रदर्शनी का उद्घाटन

दीक्षांत समारोह की अंतिम तैयारियों में जुटा सुपवा प्रशासन।

राज्यपाल सुपवा में करेंगे प्रदर्शनी का उद्घाटन

रोहतक, गिरीश सैनी। दादा लख्मी चंद राज्य प्रदर्शन एवं दृश्य कला विवि (डीएलसी सुपवा), रोहतक के दूसरे दीक्षांत समारोह की तैयारियां अंतिम दौर में पहुंच गई हैं। शनिवार को कुलपति डॉ अमित आर्य व रोहतक के एडिशनल एसपी आयुष यादव ने समारोह की तैयारियों व सुरक्षा इंतजामों का जायजा लिया और आवश्यक दिशा निर्देश दिए। इस दौरान कुलसचिव डॉ गुंजन मलिक मनोचा सहित अन्य विवि अधिकारी भी मौजूद रहे।

दीक्षांत समारोह में बतौर अध्यक्ष कुलाधिपति एवं महाहमहिम राज्यपाल प्रो असीम कुमार घोष अलग-अलग सत्र में ग्रेजुएट व पोस्ट ग्रेजुएट हुए 760 छात्रों को डिग्री प्रदान करेंगे। बतौर मुख्य अतिथि, मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी समारोह में शिरकत करेंगे। शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहेंगे।

राज्यपाल प्रो असीम कुमार घोष रविवार को विवि के फैकल्टी ऑफ विजुअल आर्ट्स की 11वीं वार्षिक कला प्रदर्शनी अभिव्यंजना का उद्घाटन करेंगे। विवि के उच्च अधिकारियों ने विवि परिसर व आयोजन स्थल का निरीक्षण कर वीआईपी एंट्री व एग्जिट, उनके ठहरने, पार्किंग व सुरक्षा व्यवस्था पर पुलिस प्रशासन के साथ विस्तार से चर्चा की।

कुलगुरु डॉ अमित आर्य ने बताया कि दीक्षांत समारोह के दौरान 646 ग्रेजुएट तथा 114 पोस्ट ग्रेजुएट छात्रों को डिग्री प्रदान दी जाएगी। कुलसचिव डॉ गुंजन मलिक मनोचा ने बताया कि डिग्री प्राप्त करने वाले छात्रों के लिए इन पलों को यादगार बनाने के लिए विवि परिसर में जगह-जगह सेल्फी प्वाइंट आदि भी बनाए जा रहे हैं।