राज्यपाल आज हेल्थ यूनिवर्सिटी के 941 छात्रों को देंगे डिग्री
कुलपति डॉ. एच.के. अग्रवाल के नेतृत्व में हुई पांचवें दीक्षांत समारोह की फाइनल रिहर्सल।
रोहतक, गिरीश सैनी। पं. भगवत दयाल शर्मा स्वास्थ्य विज्ञान विवि का पांचवां दीक्षांत समारोह शनिवार 23 मई को आयोजित किया जाएगा। राज्यपाल एवं कुलाधिपति प्रो. असीम कुमार घोष बतौर मुख्य अतिथि इस समारोह में शिरकत करेंगे। कुलपति डॉ. एच.के. अग्रवाल के नेतृत्व में शुक्रवार को समारोह की फाइनल रिहर्सल की गई, जिसमें विवि प्रशासन, फैकल्टी और विद्यार्थियों ने भाग लिया। इस दौरान कुलसचिव डॉ. रूप सिंह, निदेशक डॉ. एस.के. सिंघल, डीन डॉ. अशोक चौहान, डीन एकेडमिक अफेयर्स डॉ. एम.जी. वशिष्ठ, डीन छात्र कल्याण डॉ. सविता सिंघल, परीक्षा नियंत्रक डॉ. सुखदेव चांदला, डॉ. मंजूनाथ, डॉ. वरुण अरोड़ा, डॉ. उमेश सहित विभागाध्यक्ष, वरिष्ठ प्राध्यापक, चिकित्सक और उपाधि प्राप्त करने वाले छात्र मौजूद रहे।
कुलसचिव डॉ. रूप सिंह ने बताया कि इस दीक्षांत समारोह में एमबीबीएस, बीडीएस, एमडी/एमएस, एमडीएस, नर्सिंग, फार्मेसी और पैरामेडिकल पाठ्यक्रमों के कुल 941 विद्यार्थियों को उपाधियां प्रदान की जाएंगी। इसके अलावा, 68 मेधावी विद्यार्थियों को उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए स्वर्ण पदक से सम्मानित किया जाएगा।
फाइनल रिहर्सल की शुरुआत करते हुए कुलपति डॉ. एच.के. अग्रवाल ने कहा कि दीक्षांत समारोह विवि का सबसे गौरवपूर्ण आयोजन है। विद्यार्थियों की वर्षों की तपस्या के परिणाम के साथ ही ये अभिभावकों के सपनों का साकार रूप है। उन्होंने मंच संचालन, अतिथियों के प्रोटोकॉल, डिग्री वितरण की प्रक्रिया, अनुशासन और समयबद्धता को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निदेशक डॉ. एस.के. सिंघल ने सुरक्षा, पार्किंग, बैठने की व्यवस्था और मेडिकल टीम की तैनाती को लेकर अधिकारियों को निर्देश दिए। डीन डॉ. अशोक चौहान और डीन एकेडमिक अफेयर्स डॉ. एम.जी. वशिष्ठ ने शैक्षणिक शोभायात्रा में शामिल होने वाले सभी आचार्यों को ड्रेस कोड और प्रोटोकॉल की जानकारी दी। परीक्षा नियंत्रक डॉ. सुखदेव चांदला ने डिग्री वितरण के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों पर प्रकाश डाला। इस दीक्षांत समारोह का विवि वेबसाइट और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर सीधा प्रसारण किया जाएगा।

Girish Saini 

